20-21 अगस्त को फिर लौटेगा मानसून

By: Aug 18th, 2018 12:20 am

विभाग का पूर्वानुमान, प्रदेश में 23 तक कड़े तेवर दिखाएगा मौसम

शिमला — हिमाचल प्रदेश में कमजोर पड़ चुका मानसून अगले सप्ताह में फिर से रफ्तार पकड़ेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत 20-21 अगस्त को प्रदेश के मैदानी इलाकों सहित शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सिरमौर और सोलन में अनेक स्थानों पर बारिश होगी। राज्य में 23 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ ही स्थानों पर बारिश की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मानसून कमजोर बना रहा। इस दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर ही बारिश हुई, जबकि शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम परिवर्तनशील बना रहा और दिन भर धुंध छाई रही। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के हमीरपुर व चंबा को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में गुरुवार के मुकबाले एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं आया है। बीते 24 घंटों के दौरान सरकाघाट में 22.0, जुब्बड़हट्टी में 19.0, भराड़ी में 18.0, जोगिंद्रनगर में 17.0 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम खराब रहने से डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 3.0 डिग्री के गिरावट आई है। इसके अलावा सुंदरनगर में 2.0, धर्मशाला, ऊना, कांगड़ा, केलांग व सोलन में एक डिग्री तक तापमान लुढ़का है। हमीरपुर के अधिकतम तापमान में 2.0 और चंबा में 1.0 डिग्री तक का उछाल आया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 20-21 अगस्त को अनेक स्थानों पर बारिश होगी। समूचे राज्य में 23 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा।

कहां, कितना तापमान

शिमला में 22.1, सुंदरनगर में 30.4, भुंतर में 31.6, कल्पा में 24.2, धर्मशाला में 27.4, ऊना में 33.0, नाहन में 27.2, केलांग में 24.3, सोलन में 27.0, कांगड़ा में 31.2, बिलासपुर में 33.0, हमीरपुर में 36.3, चंबा में 31.0 और डलहौजी में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

भू-स्खलन से जाम

कुल्लू – जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगते गैमन पुल रामशिला के पास भू-स्खलन होने से यहां घंटों  जाम लगा रहा। इस कारण से बाहरी राज्यों से आए सैलानियों सहित स्थानीय जनता को परेशानी झेलनी पड़ी। जाम लगने से सैकड़ों वाहन वामतट मार्ग के किनारे खड़े रहे। इस दौरान बागबानों का सेब भी समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच सका। इस कारण उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App