मोदी सरकार गरीबों का सहारा

By: May 16th, 2019 12:06 am

मुख्यमंत्री बोले; कांग्रेस को रास नहीं आ रही भाजपा की कामयाबी, राहुल गांधी की बातें तो समझ से ही परे

थुनाग, औट, आनी – मोदी सरकार हर गरीब का सहारा बनी है और सरकार हर वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचाने में सफल रही है। यही बात कांग्रेस को रास नहीं आ रही है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जो कुछ कहते हैं, वह लोगों की समझ से परे है। अब तो देशवासियों ने कांग्रेस अध्यक्ष की बातें गंभीरता से लेना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वभर में भारत का मान बढ़ाया है, जबकि कांग्रेस पार्टी अपने लगभग 60 साल के कार्यकाल में देश को केवल घोटाले ही दे पाई है। आज समय की मांग है कि पुनः एक बार फिर नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपी जाए, ताकि भारत एक बड़ी ताकत बनकर उभर सके। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को द्रंग के पनारसा में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही जंजैहली, बगस्याड़, लेहगला, थुनाग, ओडीधार, लंबाचाथ और ढीमकटारू का दौरा किया। उन्होंने जंजैहली में हजारों लोगों के साथ रोड शो भी किया और जंजैहली में जनसभा को भी संबोधित किया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि पंडित सुखराम जनता नहीं, बल्कि अपने पोते का सपना साकार करना चाहते हैं। ऐसे नेता अपने स्वार्थ के लिए लोकतंत्र एवं जनता की अनदेखी करते हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता एक परिवार का सपना साकार करने के लिए अपने मत खराब नहीं करेगी, बल्कि एक ऐसी पार्टी को अपना समर्थन देगी, जो एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी भी गांधी परिवार मुक्त हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी अपने परिवार नहीं, बल्कि देश के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई ऐतिहासिक योजनाओं से आज देश के करोड़ों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद एवं पाकिस्तान की ओच्छी एवं निंदनीय हरकत के लिए करारा जवाब दिया है। वहीं, कांग्रेस राष्ट्र नहीं, बल्कि देशद्रोहियों के हाथ मजबूत करना चाहती है। यह बात कांग्रेस के घोषणापत्र से स्पष्ट हुई है। इस अवसर पर विधायक जवाहर ठाकुर, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष खुशहाल ठाकुर व अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

जनता नहीं, अपने दादा के सपने साकार करना चाहते हैं आश्रय

सीएम जयराम ठाकुर ने पंडित सुखराम के पौते आश्रय पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे हमसे पूछते तुमने किया क्या। हमने कहा कि तुम बताओ तुमने क्या किया, तो जवाब में आश्रय बोलते हैं, मैं दादा का पोता हूं और दादा के सपना साकार करना चाहता हूं, जबकि देश व प्रदेश को दादा के बजाय जनता के सपने साकार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक नरेंद्र मोदी की हिम्मत है, किसी दूसरे की नहीं, जबकि मोदी जी की इस कार्रवाई से  दो जगह मातम था, एक तो पाकिस्तान में दूसरा कांग्रेस के दफ्तर में। वे सोच रहे थे कि अब हम क्या बोलेंगे, जनता के सामने। सब कुछ तो मोदी ने कर दिया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस अब सर्जिकल स्ट्राइक का सुबूत मांग रही है, तो हमने कहा कि अगली बार कांग्रेसियों को लड़ाकू जहाजों में साथ भेजेंगे और उन्हें सुबूत इकट्ठा करने के लिए दुश्मनों की सीमा में नीचे उतारेंगे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के दिग्गज नेता हार देखकर अपना आपा खो चुके हैं, जबकि भाजपा का नारा देश में अबकी बार 400 पार और प्रदेश में चार की चार। सीएम ने जनसभा में कांग्रेस के प्रत्याशी आश्रय शर्मा और उनके परिवार पर खूब तंज कसे और कहा कि देश-प्रदेश में परिवारवाद तथा आयाराम व गयाराम की राजनीति नहीं चलेगी। जनता अब जागरूक है, जो भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App