ऊना 40, केलांग-मनाली 9.60 पर

By: Jun 4th, 2018 12:01 am

एक दिन की राहत के बाद फिर सताने लगी गर्मी, छह तक बारिश के आसार

शिमला – प्रदेश में रविवार को हल्के बादलों के साथ ही धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। राजधानी शिमला को छोड़कर रविवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों का पारा चढ़ा है। ऊना का पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया है। राज्य में सबसे कम तापमान केलांग व मनाली में दर्ज किया गया है। दोनों जगह का तापमान 9.6 डिग्री रहा है। प्रदेश में रविवार को मौसम कुछ साफ रहा। हालांकि दिन को बादल छाए रहे और विभिन्न हिस्सों में हल्की धूप निकलने से तापमान चढ़ा। राज्य में कई जगह अधिकतम तापमान दो डिग्री तक बढ़ा है। पिछले दिनों बारिश होने के बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान कम चल रहा था, इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई थी, लेकिन अब जबकि बारिश नहीं हो रही है, तो मौसम भी तेवर दिखाने लगा है। निचले क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से गर्मी फिर से लोगों को बेहाल करने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में रविवार को सबसे ज्यादा तापमान ऊना में दर्ज किया गया। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि शिमला में तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 24.3 डिग्री सेल्सियस तक आया है, लेकिन अन्य जगह तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सुंदरनगर में तापमान 34.5, भुंतर में 35, धर्मशाला में 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। नाहन में 34.2, सोलन में 30.4, कांगडा में 36.2, बिलासपुर में 36.3, हमीरपुर में 35.8, चंबा में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  मौसम विभाग ने छह जून तक मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो जगह गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान उच्च पर्वतीय और निचले इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

न्यूनतम पारा चढ़ा

न्यूनतम तापमान में भी अधिकांश जगह बढ़ोतरी हुई है। शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 20.1, भुंतर में 13.6, धर्मशाला में 21.2, ऊना में 24, नाहन में 20, पालमपुर में 19.5, सोलन में 18.4, कांगड़ा में 22.4, मंडी में 18.3,  बिलासपुर में 21.3, हमीरपुर में 22.4, चंबा में 20 डिग्री सेल्सियस रहा है। कुफरी में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App