युवाओं को धोखा दे रही सरकार

By: Jan 12th, 2017 12:05 am

बीबीएन —  भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार युवाओं से किए गए वादे पूर्ण करने में चार साल में असफल रही है और इसकी पोल खुद कांग्रेस के मंत्री खोल रहे हैं। सरकार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने में असफल रही है। भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने ये शब्द बद्दी में भाजयुमो के कार्यक्रम के दौरान कहे। इस दौरान 50 से ज्यादा युवाओं ने हमीरपुर से सांसद की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा। अनुराग ठाकुर ने इस दौरान युवाओं का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया और कहा कि प्रदेश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज से खुश होकर पार्टी से जुड़ रहा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की अलग-अलग योजनाओं का ढोल पीटती रहती है, लेकिन ये सारी योजनाएं केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री के कौशल विकास योजना के अंतर्गत आती हैं, जिसका धन केंद्र सरकार से ही आता है। इससे साफ होता है कि राज्य सरकार के पास अपना कोई प्लान नहीं है। अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए 61 नेशनल हाई-वे की डीपीआर न बनाने पर भी वीरभद्र सरकार पर जमकर प्रहार किए। प्रदेश की जनता चुनावों में इन सबका हिसाब वीरभद्र सरकार से मांगेगी। उन्होंने इस दौरान नोटबंदी के मसले पर कहा कि कालेधन को लेकर जो हिम्मत मोदी सरकार ने दिखाई है, उसे कांग्रेस आधी सदी में नहीं जुटा पाई। उन्होंने कहा कि कैशलैस अर्थव्यवस्था के प्रभावी होने पर भ्रष्टाचारियों पर अपने आप अंकुश लगेगा। अनुराग ठाकुर ने हिमाचल जल्द ही कांग्रेस मुक्त होगा। बद्दी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद अनुराग ने भाजपा की चार्जशीट का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, उनके करीबी मंत्री और अफसर भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं।  इस अवसर पर भाजयुमो राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र अत्री, प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष विशाल, जिला अध्यक्ष भरत साहनी, परमजीत पम्मी, हसंराज चंदेल,च ंद्रशेखर अवस्थी प्रिंस, संजीव टिंका, एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप, निशांत ठाकुर, अमित चंदेल, श्रवण चंदेल सहित अन्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App