प्रहरी पत्रकार अरुण शौरी

By: Mar 8th, 2017 12:07 am

अर्थशास्त्र में पीएचडी करने के बाद उन्होंने 1967 में विश्व बैंक में अपना करियर शुरू किया। विश्व बैंक में वह पहले 1968 से 1972 और फिर 1975 से 1977 तक अर्थशास्त्री रहे।  वह 1972 से 1974 तक भारतीय योजना आयोग के सलाहकार भी रहे हैं…

प्रहरी पत्रकार अरुण शौरीअरुण शौरी भारत के प्रसिद्ध पत्रकार, लेखक, बुद्धिजीवी और राजनेता हैं। अरुण शौरी का जन्म 2 नवंबर, 1941 को पंजाब राज्य के जालंधर में हुआ। इनकी प्रारंभिक शिक्षा मॉडर्न स्कूल बाराखंबा, दिल्ली में हुई। अरुण शौरी ने इकॉनोमिक्स में बैचलर की डिग्री सेंट स्टीफन कालेज, दिल्ली से प्राप्त की। सेंट स्टीफन कालेज दिल्ली की स्थापना सन् 1854 में हुई। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह अमरीका  चले गए और वहां की सायराक्यूज यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में डाक्टरेट की डिग्री हासिल की। अर्थशास्त्र में पीएचडी करने के बाद उन्होंने 1967 में विश्व बैंक में अपना करियर शुरू किया। विश्व बैंक में वह पहले 1968 से 1972 और फिर 1975 से 1977 तक अर्थशास्त्री रहे।  वह 1972 से 1974 तक भारतीय योजना आयोग के सलाहकार भी रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने जर्नलिस्ट के तौर पर आर्टिकल लिखने आरंभ किए। 1975 में एमर्जेंसी के दौरान उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस समाचार पत्र के लिए लिखना आरंभ किया। वह टाइम्स ऑफ इंडिया और इंडियन एक्सप्रेस समाचार पत्रों के संपादक भी रहे। वर्ष 1999 से 2004 तक भारत सरकार में मंत्री पद पर भी रह चुके हैं। राजग सरकार ने अरुण शौरी को विनिवेश, दूर संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित कई महत्त्वपूर्ण विभागों का कार्य सौंपा।

सम्मान

अरुण शौरी को वर्ष 1990 में भारत सरकार द्वारा साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया है। बिजनेस वीक ने उन्हें 2002 में स्टार ऑफ इंडिया सम्मान से सम्मानित किया। दि इकॉनोमिक्स टाइम्स ने उन्हें दि बिजनेस लीडर ऑफ दि ईयर चुना। इसके अलावा रेमन मैगसेसे, दादा भाई नौरोजी पुरस्कार, फ्रीडम टू पब्लिश अवार्ड, एस्टर पुरस्कार और इंटरनेशनल एडिटर ऑफ दि ईयर अवार्ड से भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App