पंजाब से दबोचा मुख्य आरोपी

By: Apr 25th, 2017 12:01 am

मकलोडगंज देह व्यापार मामले में पुलिस ने कसा शिकंजा  

धर्मशाला – पर्यटन नगरी मकलोडगंज में पिछले माह हुए देह व्यापार के भंडाफोड़ मामले में कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कार्रवाई से बचने को फरार चल रहे देह कारोबार के मुख्य आरोपी को पुलिस ने पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार उर्फ  सनी (24) निवासी मकान नंबर 37 बाबा दीप सिंह कालोनी गली नंबर-एक, फतेहगढ़ चुडि़या रोड अमृतसर के रूप में हुई है। इस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा अभी और आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। आरोपी द्वारा वेबसाइट के माध्यम से हिमाचल के विभिन्न जिलों में देह व्यापार चलाया जा रहा था। पिछले माह 23 मार्च की रात को मकलोडगंज में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया था। हिरासत में लिए आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सबूत मिले थे, जिसके आधार पर पुलिस ने मनाली से भी इस धंधे से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लिया था। पुलिस को सेक्स रैकेट के मुख्य सरगना के संबंध में भी सबूत मिले थे। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के अमृतसर स्थित निवास स्थान पर छापामारी की थी, लेकिन आरोपी पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलने के चलते फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के घर में दबिश देकर डायरियां व लैपटॉप बरामद किया था, जिसमें भी पुलिस को कई सबूत हाथ लगे थे। इन सबूतों के आधार पर ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि देह व्यापार मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिंस को हिरासत में लिया है। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। विभिन्न जिलों में आरोपी द्वारा ऑनलाइन वेबसाइट से इस कारोबार को चलाया जा रहा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App