सुजानपुर, गगरेट, कुटलैहड़ में कांग्रेस टिकट घोषित

By: Apr 26th, 2024 8:12 pm

-कांग्रेस ने दो भाजपा बागियों समेत तीन को उपुचनाव में उतारा

-सुजानपुर से रंजीत सिंह राणा, गगरेट से राकेश कालिया और कुटलैहड़ से विवेक शर्मा को टिकट

विशेष संवाददाता-शिमला

कांग्रेस ने हिमाचल में लोकसभा से पहले विधानसभा उपचुनाव की टिकटों का ऐलान कर दिया है। पहली सूची में तीन टिकटें तय की गई हैं। इनमें से दो भाजपा से कांग्रेस में लौटे हैं। जबकि एक सीट पर कांग्रेस ने पार्टी के ही चेहरे को मैदान में उतारा है। सुजानपुर में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रंजीत सिंह राणा को कांग्रेस ने टिकट दी है। रंजीत सिंह राणा ने बीते दिनों दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन की थी। इसके बाद से ही उन्हें सुजानपुर से टिकट देने की संभावना जताई जा रही थी। पिछले विधानसभा चुनाव में रंजीत सिंह राणा भाजपा की टिकट पर उस समय के कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा के खिलाफ मैदान में उतरे थे और बहुत करीबी मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने दूसरी टिकट गगरेट में फाइनल की है। यहां विधानसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद भाजपा के खेमे में शामिल हुए राकेश कालिया पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। राकेश कालिया पुराने कांग्रेसी हैं और तीन बार विधायक रह चुके हैं। राकेश कालिया पहले चिंतपूर्णी से दो बार विधायक चुने गए।

इसके बाद उन्होंने गगरेट से चुनाव लड़ा और विधायक बने। लेकिन इसके बाद गगरेट से कांग्रेस ने चैतन्य शर्मा को टिकट थमा दी। इससे नाराज होकर राकेश कालिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। लेकिन उपचुनाव में भाजपा ने चैतन्य शर्मा को टिकट दे दी और इससे नाराज होकर उन्होंने भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। अब कांग्रेस ने उन्हें चैतन्य शर्मा के खिलाफ मैदान में उतार दिया है। कांग्रेस ने तीसरी टिकट कुटलैहड़ से विवेक शर्मा को दी है। मु यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहले ही विवेक शर्मा को कुटलैहड़ से मैदान में उतारने की पैरवी कर दी थी। विवेक शर्मा को मु यमंत्री का नजदीकी माना जाता है। मु यमंत्री ने समूरकलां में जनसभा के मंच से कुटलैहड़ से विवेक शर्मा को प्रत्याशी बनाने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया था। बहरहाल, कांग्रेस की तीनों टिकटों पर फैसला दिल्ली से हुआ है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की मंजूरी से यह टिकट तय किए हैं।

कांगड़ा-हमीरपुर समेत तीन विधानसभा में फंसा पेंच

कांग्रेस ने हमीरपुर और कांगड़ा में अभी तक टिकट तय नहीं किए हैं। लोकसभा की इन दोनों सीटों के अलावा तीन अन्य सीटें धर्मशाला, लाहुल-स्पीति और बड़सर में भी कांग्रेस के प्रत्याशियों पर फैसला दिल्ली में फंसा हुआ है। इन सभी सीटों के लिए नामों की सूची दिल्ली भेजी जा चुकी है और जिन चेहरों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी दांव लगाना चाहती है उनकी पैरवी भी पदाधिकारियों ने कर दी है। लेकिन फैसला आगे खिसकने की वजह से प्रदेश के नेताओं की धडक़नें बढ़ रही हैं। दो सीटों पर भाजपा से लौटे नेताओं को उतारने के बाद अब कांग्रेस लाहुल-स्पीति और धर्मशाला में भी बागियों को साध सकती है। कांग्रेस की सभी टिकटों पर फैसला आगामी एक या दो दिन में होने की संभावना है।

….राकेश शर्मा


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App