कहीं खुशी-कहीं गम

By: Dec 19th, 2017 12:15 am

सुबह से चुनावी नतीजों के हिसाब से बदलता रहा प्रदेश का माहौल। एक तरफ भाजपा जिंदाबाद के नारे, तो दूसरी तरफ सोच रही कांग्रेस कि चुनाव हारे तो कैसे हारे। दीपकमल में खुशियां, तो गम मिटाने रिज पर जुटी कांग्रेसियों की भीड़…

शिमला – जैसे-जैसे चुनाव परिणाम आते रहे, वैसे-वैसे प्रदेश में माहौल भी बदलता रहा। कहीं भाजपा जिंदाबाद के नारे लग रहे थे, तो कहीं पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ था। शहर के नतीजों से अलग पूरे प्रदेश का हाल जानने के लिए शिमला के स्कैंडल प्वाइंट पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। भाजपा कार्यालय दीपकमल में खुशियों का माहौल था। कार्यालय रविवार को ही सजा दिया गया था और सोमवार को यहां भाजपा जिंदाबाद के नारे लग रहे थे। सभी कार्यकर्ताओं ने यहां खूब जश्न मनाया। प्रदेश व शिमला शहर में भाजपा की जीत के जश्न में यहां कार्यकर्ता मदहोश दिखे, जिन्होंने यहां रोड शो भी निकाला। पार्टी कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं और घरों से भाजपा के कार्यकर्ता बाहर निकले। एक तरफ भाजपा के पक्ष में शिमला का माहौल पूरी तरह से सराबोर था, वहीं दूसरी ओर कांग्रेसी खेमे में सन्नाटा पसरा हुआ था। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के घर हॉलीलॉज में समर्थकों की भारी भीड़ थी, जो कि वीरभद्र सिंह व विक्रमादित्य सिंह की जीत पर बधाइयां देते दिखे, लेकिन कांग्रेस सरकार नहीं आने का मलाल भी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा था। कांग्रेस पार्टी कार्यालय में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। यहां कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी टीवी स्क्रीन के सामने बैठे-बैठे कयासों में समय काट रहे थे। शिमला शहर से कांग्रेस की हार की सूचना मिलने पर यहां गम का माहौल था, लेकिन पार्टी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू की जीत पर ये लोग चहक भी रहे थे। एक-दूसरे से चुनाव नतीजों का आकलन करते ही पदाधिकारी दिखाई दिए।

रिज पर टीवी चैनल वाले…

शिमला के रिज पर टीवी चैनलों का खूब मेला लगा हुआ था। यहां कभी किसी दल का तो कभी किसी दल का नेता चैनल पर विचार रखते हुए देखा गया। यहां लोग भी उनकी बात सुनने को खूब उमड़े थे। कई चैनलों की ओबी वैन रिज पर थी, जहां से लाइव टेलीकास्ट चल रहा था।

स्टेट मीडिया सेंटर में रौनक

शिमला में स्टेट मीडिया सेंटर में भी दोपहर तक खूब रौनक रही। यहां मीडिया के लोग भारी संख्या में मौजूद थे और लगातार आंकड़ों पर गौर कर रहे थे। यहां कौन जीता, कौन हारा, इसकी पूरी तस्वीर सामने थी, जहां से लोगों को भी इन सूचनाओं का आदान-प्रदान चल रहा था। लोक संपर्क विभाग ने बेहतरीन तरीके से स्टेट मीडिया सेंटर का संचालन किया, जहां से लोगों को और मीडिया को आसानी से सूचनाएं दी जा रही थीं।

खुशी कुछ कांग्रेस नेताओं के जीतने की नहीं धूमल के पीछे रहने की

स्कैंडल प्वाइंट पर उमड़ी भीड़ में अधिकांश लोग कांग्रेस के समर्थक थे, जो कि कांग्रेस नेताओं जीत पर तो इतने नहीं चहक रहे थे, बल्कि धूमल के पीछे रहने पर उनका उल्लास देखा जा सकता था। जैसे ही धूमल के पीछे रहने की सूचना आई, यहां कांग्रेस कार्यकर्ता हल्ला मचाना शुरू कर रहे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App