तत्तापानी में स्वच्छता पर जगाया अलख
सुन्नी – ऐतिहासिक स्थल तत्तापानी में दुकानदारों एवं व्यापार मंडल के सदस्यों ने पूरे बाजार में झाड़ू लगाकर सड़कों, नालियों एवं गलियों में पड़े कूड़े-कचरे की सफाई की। व्यापार मंडल तत्तापानी की नवनियुक्त इकाई के आह्वान पर समस्त दुकानदारों ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इससे पूर्व तत्तापानी व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन प्रेम चंद शर्मा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके 15 सदस्यीय नई कार्यकारिणी गठित की गई। इस अवसर पर व्यापार मंडल तत्तापानी इकाई का प्रधान आशीष गांधी को चुना गया। उपप्रधान अशोक वशिष्ठ को बनाया गया। सचिव धर्मपाल कपिल, सह सचिव लोकराज, कोषाध्यक्ष उमेश रैना, सलाहकार प्रेम चंद तथा प्रेस सचिव बलवीर सिंह को बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्यों में महेंद्र शर्मा, गोपाल, अमर चंद, तेज सिंह, गोपाल बंसल, देवी सिंह, अमर शर्मा, भीम चंद एवं चंद्र पाल को बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने तत्तापानी के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए पुरजोर कार्य करने का प्रण लिया। सरकार से भी तत्तापानी के विकास के लिए पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। नवनियुक्त प्रधान आशीष गांधी ने कहा कि कोल डैम के कारण बनी विशाल झील से तत्तापानी का ऐतिहासिक महत्त्व ही नष्ट हो गया है। हर वर्ष मकर संक्रांति पर सजने वाले मेले के लिए हजारों श्रद्धालुओं के लिए कोई विशेष व्यवस्था न होने के कारण अकसर श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नवनियुक्त मुख्यमंत्री द्वारा तत्तापानी को विकसित करने एवं जिला स्तरीय घोषित करने पर जहां व्यापार मंडल को आस बंधी है। वहीं, मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया है। उन्होंने कोलडैम प्रबंधन एवं प्रशासन से भी मांग की है कि तत्तापानी में निर्मित शौचालय को शीघ्र जनता की सुविधा के लिए शुरू किया जाए ताकि बाजार में फैलने वाली गंदगी से छुटकारा मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
