रेणुकाजी में चाइल्ड लाइन ने रुकवाया बाल विवाह

By: Feb 23rd, 2018 12:05 am

 श्रीरेणुकाजी —चाइल्ड लाइन की टीम ने रेणुकाजी के बड़ग और घाटों में दलित समुदाय के नाबालिगों का विवाह रुकवाया है। लड़का और लड़की के अभिभावकों की काउंसिलिंग कर विवाह बालिग होने तक के लिए टाला गया है। चाइल्डलाइन की सदस्य विनीता ठाकुर ने बताया कि टीम को 1098 से क्षेत्र में नाबालिगों के विवाह की सूचना मिली, जिस पर टीम ने क्षेत्र में जाकर छानबीन शुरू की। टीम सदस्यों ने बताया कि लड़के की उम्र 17 वर्ष तथा लड़की की उम्र 15 वर्ष है, जिनके बाकायदा उम्र के प्रमाण पत्र टीम ने प्राप्त कर लिए हैं। टीम ने इस दौरान लड़के के घर पर पहुंचकर पता लगाया, तो लड़की लड़के के घर पर ही मिली, जिसके बाद टीम ने लड़की को उसके घर साथ लाकर लड़की के माता-पिता की भी बाकायदा काउंसिलिंग कर दोनों के नाबालिग होने तक के लिए विवाह बंधन में न बंधने की भी जानकारी दी। यह सभी प्रक्रिया बाकायदा पंचायत प्रधान गनोग गोबिंद को भी साथ लेकर की गई। चाइल्ड लाइन की टीम द्वारा नाबालिग विवाह में लड़की रेणुका के गनोग की है, जबकि लड़का घाटों गांव का है। इस दौरान चाइल्ड लाइन टीम के सदस्य राजेंद्र सिंह भी यहां मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App