समझ लें सारे…नारी में शक्ति सारी

By: Mar 8th, 2018 12:05 am

महिलाएं आज हर फील्ड में पुरुषों से कई कदम आगे हैं। बात घर चलाने की हो या फिर सरकार…नारी शक्ति ने हर जगह अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस सबके बावजूद कुछ ‘बीमार’ नजरें अभी भी महिलाओं  को घूरने से बाज नहीं आतीं। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। ‘दिव्य हिमाचल’ ने कुछ महिलाओं से बात की, तो उन्होंने बताया कि कैसे वे ऐसे हालातों का सामना कर आगे बढ़ती  हैं…

भूपेंद्र ठाकुर

सोच बदलने की जरूरत

जीवीके 108 में सेवाएं दे रही भानुजा ठाकुर का कहना है कि जब वह घर से बाहर निकलती है तो कई लोग उसे ऐसे घूरते हैं, जैसे उसने न जाने क्या गुनाह कर दिया है। ऐसी स्थित में वह अपने आप को  काफी असहज महसूस करती है। बदलते युग में इस सोच को बदलना भी जरूरी है।

बाहर काम करना कठिन

सरोज राणा का कहना है कि वह एलआईसी व्यवसाय से जुड़ी है। अकसर फील्ड में  आना-जाना लगा रहता है। प्रतिदिन कई लोगों से काम के सिलसिले में मिलना भी पड़ता है। पुरुष प्रधान समाज में किसी महिला के लिए काम करना इतना आसान नहीं है। उम्र दराज लोग भी कई बार गंदी नजरों से घूरते हैं,।

बुरी नजर से देखते हैं

घेरलू महिला नेहा का कहना है कि हाल ही में उसकी शादी हुई है। बहू के रूप में जिम्मेदारियां काफी अधिक बढ़ जाती हैं। ऐसे में कई बार घर से बाहर भी जाना पड़ता है। प्रयास रहता है कि ऐसी ड्रेस पहने जो किसी को अजीब न लगे। इस सबके बावजूद सड़कों पर जब युवक घूरते हैं।

 दिक्कतें पेश आती हैं

कनिका चौहान का कहना है कि वह एमएमयू मेडिकल कालेज में नर्सिंग की नौकरी कर रही है। नौकरी के दौरान मरीजों की देख-रेख भी करनी पड़ती है। अस्पताल में प्रत्येक किस्म का मरीज आता है। कई बार ऐसा होता है कि मरीज के साथ आने वाले तीमारदार गंदी नजरों से देखते हैं।

लड़ाई-झगड़े का डर

डिग्री कालेज सोलन में शिक्षा ग्रहण कर रही अंकिता का कहना है कि  लड़कियों को घूरना आम बात है।  लड़ाई-झगड़े के डर से कोई लकड़ी विरोध भी नहीं  करती है। अब समय आ गया है जब घूरने की प्रवृत्ति  का विरोध किया जाए।

सड़कों पर चलना मुश्किल

सोनिया रानी का कहना है कि वह एक घरेलू महिला है। घर से बाहर निकलने का अवसर काफी कम मिलता है। कई बार बच्चों को लेकर जब शॉपिंग आदि करने के लिए जाती है, तो सड़कों पर लोग अजीम नजरों से देखते हैं, जिस पर कुछ कह भी नहीं सकते।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App