हफ्ते  का खास दिन

By: Apr 15th, 2018 12:05 am

पृथ्वी दिवस पूरे विश्व में 22 अप्रैल को मनाया जाता है। पृथ्वी दिवस को पहली बार सन् 1970 में मनाया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना था। पृथ्वी पर अकसर उत्तरी धु्रव की ठोस बर्फ का कई किलोमीटर तक पिघलना, सूर्य की पराबैंगनी किरणों को पृथ्वी तक आने से रोकने वाली ओजोन परत में छेद होना, भयंकर तूफान, सुनामी और भी कई प्राकृतिक आपदाओं का होना, जो भी हो रहा है इन सबके लिए मनुष्य ही जिम्मेदार है। ग्लोबल वार्मिग के रूप में जो आज हमारे सामने है।

ये आपदाएं पृथ्वी पर ऐसे ही होती रहीं तो वह दिन दूर नहीं जब पृथ्वी से जीव-जंतु व वनस्पति का अस्तिव ही समाप्त हो जाएगा। जीव-जंतु अंधे हो जाएंगे। लोगों की त्वचा झुलसने लगेगी और कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ जाएगी। पृथ्वी के पर्यावरण के बारे में प्रशंसा और जागरूकता को प्रेरित करने के लिए पृथ्वी दिवस मनाया जाता है।

पृथ्वी दिवस की स्थापना सन् 1970 में अमरीकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन के द्वारा एक पर्यावरण शिक्षा के रूप में की गई और इसे कई देशों में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। पृथ्वी दिवस की तारीख उत्तरी गोलार्द्ध में वसंत ऋतु और दक्षिणी गोलार्द्ध में शरद ऋतु का मौसम है। यह दिन अकसर 20 मार्च का दिन होता है, यह एक परंपरा है जिसकी स्थापना शांति कार्यकर्ता जॉन मक्कोनेल के द्वारा की गई थी।

सिएटल, वाशिंगटन में एक सम्मलेन में सितंबर, 1969 में विस्कोंसिन के अमरीकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन द्वारा यह घोषणा की गई कि 1970 ई. की वसंत ऋतु में पर्यावरण पर राष्ट्रव्यापी जन साधारण प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यावरण को एक राष्ट्रीय एजेंडा में जोड़ने के लिए सीनेटर नेल्सन ने पहले राष्ट्रव्यापी पर्यावरण विरोध की प्रस्तावना दी। मशहूर फिल्म और टेलीविजन अभिनेता एड्डी अलबर्ट ने पृथ्वी दिवस के निर्माण में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। पृथ्वी दिवस के निर्माण के लिए अलबर्ट ने प्राथमिक और महत्त्वपूर्ण कार्य किए जिसे उसने अपने संपूर्ण कार्यकाल के दौरान प्रबल समर्थन दिया, 1970 के बाद विशेष रूप से एक रिपोर्ट के अनुसार पृथ्वी दिवस को अलबर्ट के जन्मदिन 22 अप्रैल को मनाया जाने लगा।

पृथ्वी दिवस नेटवर्क की स्थापना

पृथ्वी दिवस नेटवर्क की स्थापना 1970 में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण नागरिकता और साल भर उन्नति को बढ़ावा देने के लिए पृथ्वी दिवस के आयोजकों और डेनिस हायस के द्वारा की गई थी। पृथ्वी दिवस के नेटवर्क के माध्यम से, कार्यकर्ता, राष्ट्रीय, स्थानीय और वैश्विक नीतियों में परिवर्तनों को आपस में जोड़ सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क 174 देशों में 17,000 संस्थानों तक पहुंच गया है, जबकि घरेलू कार्यक्रमों में 5,000 समूह और 25,000 से अधिक शिक्षक शामिल हैं, जो साल भर कई मिलियन समुदायों के विकास और पर्यावरण सुरक्षा कार्यकर्ताओं की मदद करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App