कुमारसैन में दो हफ्ते से नहीं टपके नल
सप्लाई ठप होने से लोग पेरशान, जल्द पानी न मिलने पर प्रदर्शन की चेतावनी
नारकंडा – उपमंडल मुख्यालय कुमारसैन के कई गांवों में पिछले दो सप्ताह से पानी की सप्लाई सूचारू न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मेन बाजार कुमारसैन, अगला बाजार, डमाड़ी, लाठी रोड, वेटरिनरी रोड, अस्पताल रोड, मतेवग व भनोली गांव में पानी की सप्लाई पिछले दो सप्ताह से बाधित है। इस बारे में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल आईपीएच विभाग के एसडीओ से मिला और उन्हें पेयजल की दिक्कत के बारे में अवगत करवाया। पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष राजेश कुमार, कुलदीप श्याम, प्रकाश चंद, जगदयाल, हेमंत महंत, सुरेंद्र गुप्ता, संजीव गुप्ता, दीप राम, कमल, कांता देवी, रामलाल, राजेश गुप्ता, अमित, अशोक कुमार, वनिता, सत्या, सरला देवी, ममता, सरला बिमला, प्रताप, राधा देवी, मोहर सिंह, कृष्णा देवी, राजन गुप्ता, विशाखा, किरण, टोनी, कृष्ण चंद, गोलू, बिमला देवी, रेखा आदि लोगों ने बताया कि कुमारसैन में पिछले दो सप्ताह से पानी की नियमित सप्लाई न होने से अब लोगों को परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं, लोगों को दूर-दूर से गाडि़यों में पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से फराल खड्ड से कुमारसैन उठाऊ पेयजल योजना का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने सभी लोगों से मई व जून माह में मकान समेत अन्य कंस्ट्रक्शन वर्क बंद करने की भी मांग की। इसके साथ ही लोगों ने बताया कि कई लोग मेन लाइन को खुद ही बंद व खोल रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से टुल्लू पंप से पानी खींचने की सूचना भी मिल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही एसडीएम से मिलेगा व पेयजल की नियमित सप्लाई की मांग रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पानी की सप्लाई शीघ्र नहीं की गई तो वे प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उधर, एसडीएम कुमारसैन नीरज गुप्ता ने बताया कि पेयजल की समस्या को लेकर आईपीएच के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है व जिन क्षेत्रों में पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही है, वहां पर टैंकरों से सप्लाई करने के आदेश दिए गए हैं।
अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर- निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
