अध्यक्ष पर हमला सोची-समझी साजिश

By: Jun 24th, 2018 12:05 am

बिलासपुर —परिवहन मजदूरों के हक हकूक की लड़ाई लड़ने वाले मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर पर हमला एक सुनियोजित साजिश है। विरोधियों द्वारा रचे गए इस प्रपंच से ठाकुर के बढ़ते कदम नहीं रुकेंगे, बल्कि अब डंके की चोट पर आगे बढ़ते हुए परिवहन कर्मियों के पक्ष में आवाज बुलंद करते रहेंगे।  यह बात शनिवार को बिलासपुर एचआरटीसी वर्कशॉप में आयोजित गेट मीटिंग के दौरान संघ पदाधिकारी और कर्मचारियों ने षड्यंत्रकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने के बाद कही। परिवहन मजदूर संघ की बिलासपुर इकाई ने हमीरपुर में हुए घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए इसे सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया है। संघ का कहना है संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर के साथ दुर्व्यवहार भले ही महिलाओं ने किया हो, लेकिन इसके पीछे एचआरटीसी के भ्रष्ट अधिकारियों का हाथ है। संघ ने इस मामले की जांच करने व दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।  गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला अध्यक्ष रामकुमार शर्मा व पूर्व अध्यक्ष पवन ठाकुर ने कहा कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर कर्मचारियों के हकों को लेकर आवाज बुलंद करने के साथ ही निगम में बड़े पैमाने पर हो रहे भ्रष्टाचार की पोल भी खोलते रहे हैं। पूर्व सरकार के समय उन पर बर्खास्तगी की गाज भी गिरी, लेकिन वह मोर्चे पर डटे रहे। निगम के हजारों कर्मचारियों को उन पर पूरा विश्वास है। वे उनके साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। उनके दमदार नेतृत्व और बढ़ते प्रभाव से निगम के भ्रष्ट अफसरों की नींद उड़ गई है। प्रदेश अध्यक्ष को बदनाम करने के लिए वे घटिया हथकंडे अपना रहे हैं। हमीरपुर में गत शुक्रवार को हुआ घटनाक्रम इसी का नतीजा है। गेट मीटिंग को प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के घटिया कृत्य उनकी राह में रोड़ा नहीं बन सकते। इस घटनाक्रम ने तो उन्हें बड़े नेताओं की पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App