आप विधायक पर खनन माफिया का हमला

By: Jun 22nd, 2018 12:04 am

चंडीगढ़— पंजाब के रोपड़ से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ पर गुरुवार को रोपड़ जिला में नूरपुर बेदी के पास खनन माफियाओं के गुंडों ने हमला कर घायल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। रोपड़ के एसएसपी राज बच्चन सिंह संधू के अनुसार श्री संदोआ श्रीआनंदपुर उपमंडल में नूरपुरबेदी के निकट एक खदान में निरीक्षण के लिए गए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। श्री संदोहा की छाती पर पत्थर लगा है और उनके सुरक्षाकर्मी को भी चोट आई है। श्री संदोआ को श्रीआंनदपुर साहिब अस्पताल ले जाया गया और बाद में सीने में दर्द की शिकायत के कारण उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई में भेजा गया। उन्होंने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अभी तक फरार हैं। हमले के दौरान आप विधायक की पगड़ी उछाली गई। उधरर, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और आप के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि संदोआ पर खनन माफियाओं के गुंडों ने हमला किया। खैरा ने बताया कि अगर यह निर्वाचित प्रतिनिधियों की हालत है, जिन्हें सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है, तो आप आम नागरिकों के बारे में कल्पना कीजिए। ताजा घटना से तीन दिन पहले पंजाब वन विभाग के दो कर्मचारियों पर रेत खनन माफियाओं ने हमला किया था, जबकि चार अन्य अधिकारियों को मामूली चोटें आई थीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App