मनोहर चड्डा तीसरी बार व्यापारियों के प्रधान

By: Jun 21st, 2018 12:05 am

डैहर —राजनीतिक गढ़ डैहर में बुधवार को रोमांच व उत्सुकता के बीच डैहर व्यापार मंडल के चुनाव का आयोजन श्रीशीतला माता मंदिर के बैठक हाल में किया गया। इसमें डैहर व्यापार मंडल के समाजसेवी, ईमानदार व वरिष्ठ व्यापारी मनोहर लाल चड्डा पर व्यापारियों द्वारा लगातार तीसरी बार विश्वास दिखाते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाया गया। प्रधान पद पर इस मर्तबा व्यापार मंडल के गठन के 50 वर्षों में पहली बार प्रधान के चयन हेतु मतदान प्रक्रिया हुई। इसमें डैहर बाजार के 156 पंजीकृत सदस्यों में से रिकार्ड तोड़ कुल 151 व्यापारियों ने अपने मतों का प्रयोग प्रधान को चुनने हेतु किया गया। चुनावों की अध्यक्षता चुनाव पर्यवेक्षक जिला व्यापार मंडल मंडी के सदस्य चंदू लाल गुप्ता ने की। इस दौरान डैहर व्यापार मंडल के सचिव सुंदर लाल भारद्वाज द्वारा समस्त उपस्थित व्यापारियों के समक्ष डैहर व्यापार मण्ड़ल के तीन वर्षों के आय-व्यय का विवरण दिया गया। इसके बाद चुनाव पर्यवेक्षक चंदू लाल गुप्ता द्वारा डैहर व्यापार मंडल की पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। व्यापार मंडल के प्रधान पद हेतु पूर्व प्रधान मनोहर लाल चड्डा व सेवानिवृत्त कैप्टन रोशन लाल वर्मा ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। चुनाव प्रक्रिया बेहद ही शांत रूप से संपन्न हुई, जिसके बाद चुनाव पर्यवेक्षक चंदू लाल गुप्ता व प्रधान पद के दोनों उम्मीदवारों के साथ अलग हॉल व दो-दो सहयोगियों के साथ वोटों की गिनती हुई। इस दौरान कुल 151 मतों में से मनोहर लाल चड्डा को 109 वोट और कैप्टन रोशन लाल वर्मा को 42 वोट पड़े। चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने हेतु डैहर बाजार के समस्त 151 व्यापारी तीन घंटों तक बैठक हाल में बैठे रहे। नए प्रधान के रूप में मनोहर लाल चड्डा के नाम की घोषणा होते ही समर्थकों द्वारा बधाइयां देने का क्रम शुरू हो गया। इस दौरान नवविर्वाचित प्रधान मनोहर लाल चड्डा जीत दिलाने पर समर्थकों का धन्यवाद किया। लगातार तीसरी बार डैहर व्यापार मंडल के प्रधान के रूप में चुने गए मनोहर लाल चड्डा कई वर्षों से स्टेट व्यापार में बतौर कार्यकारी सदस्य प्रदेश के व्यापारियों की मांगों व समस्याओं हेतु सेवा में समर्पित है।

दुकानें बंद कर वोट देने पहुंचे कारोबारी

डैहर व्यापार मंडल के चुनावों के मद्देनजर बाजार के 151 व्यापारियों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने हेतु अपनी-अपनी दुकानें बंद करके शीतला मंदिर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान दोपहर एक बजे से लेकर साढ़े तीन बजे तक ज्यादातर व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। ऐसे में कुछ देर के लिए डैहर बाजार सन्नाटा पसर गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App