चंडीगढ़ में अगस्त महीने में मानसून मेहरबान और हुई रिकॉर्ड बारिश, 26 से फिर बरसेंगे बादल

By: चंडीगढ़ Aug 25th, 2020 12:09 am

चंडीगढ़-अगस्त में मानसून चंडीगढ़ व आसपास के इलाकों में पूरी तरह से मेहरबान है। शनिवार रात को भी अच्छी बारिश देखने को मिली। रात करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुई बारिश देर रात तीन बजे तक जारी रही। रात में करीब 80.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि शनिवार को मानसून के कमजोर होते ही यहां की हवाएं पहाड़ों की ओर चली गईं।

इससे कसौली के आसपास बादल बने और मूसलाधार बारिश हुई है। सुरेंद्र पाल के मुताबिक, जब मानसून कमजोर होता है तो हवाएं पहाड़ों की ओर चली जाती हैं। इससे बादल बनते हैं और अचानक से बारिश शुरू हो जाती है। शनिवार रात यही हुआ। बारिश से देर रात जगह-जगह पानी भर गया। सुखना भी उफान पर आ गई। वहीं, रविवार को मौसम साफ रहा।
शनिवार के मुकाबले रविवार को तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से एक डिग्र्री कम था। हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 97 फीसदी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम मात्रा 64 फीसदी। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, अगस्त के आखिरी सप्ताह भी अच्छी-खासी बारिश होनी की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के आसपास निम्न दबाव बनेगा। इससे मानसून को सपोर्ट मिलेगा और अच्छी खासी बारिश होगी। यह प्रक्रिया 26 अगस्त से शुरू हो जाएगी, जो दो से तीन दिन तक जारी रह सकती है। इससे पहले भी एक दो बार बारिशें की बौछारें आ सकती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App