साल भर बाद फिर सियासी पिच पर सिद्धू, कृषि बिल के खिलाफ खोला मोर्चा

By: एजेंसियां - नई दिल्ली। Sep 24th, 2020 12:06 am

भाजपा को छोड़ कांग्रेस का दामन थामने वाले नवजोत सिंह सिद्धू काफी दिनों से राजनीति से दूर नजर आ रहे थे, लेकिन उन्होंने वापसी कृषि बिल के विरोध प्रदर्शन से की। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू किसी सियासी कार्यक्रम में दिखे। वह किसान बिल के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे। मानसून सत्र के दोनों सदनों में पास होने के बाद कृषि बिल 2020 पारित होने के लिए तैयार है। विपक्ष ने भी राज्यसभा में इसको लेकर हंगामा किया था। दरअसल, पूरे देश में केंद्र सरकार के पारित कृषि बिलों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है, लेकिन पंजाब-हरियाणा में इसका ज्यादा ही विरोध देखने को मिल रहा है।

जहां के किसानों ने मोदी सरकार के विरोध में हुंकार भरी है। इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू भी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरकर किसानों के साथ विरोध करते दिखे। प्रदर्शन के दौरान नवोजत सिंह सिद्धू ने निशाना साधते हुए कहा कि किसान बिल से जमाखोरी को बढ़ावा मिलेगा। क्या सरकार रोटी को आवश्यक वस्तु नहीं मानती है? प्रदर्शन में सिद्धू ट्रैक्टर पर सवार दिखे। इस जुलूस में कई ट्रैक्टर्स के साथ किसान शामिल हुए। उनके हाथों में तख्तियां थीं और कुछ ने काले झंडे भी लिए हुए थे। सिद्धू करीब एक साल बाद मैदान में उतरे हैं। कैबिनेट मंत्री का पद छोड़ने के बाद उन्होंने एक साल तक ‘मौन’ धारण कर लिया था। वे कहीं पर दिखाई नहीं दे रहे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App