चंद दिनों का मेहमान है Monsoon; मौसम विभाग का पूर्वानुमान, इसी हफ्ते हो जाएगी विदाई

By: कार्यालय संवाददाता - शिमला Sep 28th, 2020 12:06 am

इस सप्ताह के दौरान हिमाचल प्रदेश से मानसून रुखसत हो जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो सितंबर माह के आखिरी सप्ताह में राज्य में मानसून विदा हो जाएगा। हालांकि पूर्व में विभाग द्वारा राज्य से 28 व 29 सितंबर को मानसून की विदाई का पूर्वानुमान लगाया गया था, मगर पश्चिमी विभोक्ष के सक्रिय होने से मानसून एक-दो दिन देरी से विदा हो सकता है। मौजूदा मानसून सीजन के बात की जाए तो राज्य में पूरे सीजन के दौरान सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में शुरुआत से ही मानसून कमजोर पड़ गया था। जून व जुलाई माह के दौरान समूचे प्रदेश में सामान्य से कम बारिश आंकी गई थी। अगस्त माह के दौरान प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ी थी। अगस्त माह के दौरान किन्नौर, लाहुल-स्पीति, चंबा को छोड़कर राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में सामान्य बारिश दर्ज की गई थी।

  बारिश से प्रदेश के कई जिलों में भारी नुकसान भी हुआ था। मौसम विभाग द्वारा सितंबर माह के दौरान भी प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई जा रही थी, मगर हुआ बिलकुल उल्ट। अभी तक सितंबर माह के दौरान मानसून कमजोर रहा है। वहीं, आगामी दिनों के दौरान भी मानसून के कमजोर रहने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। प्रदेश में बीते मानसून सीजन के दौरान मूसलाधार बारिश हुई थी।  ऐसे में अब किसानों व बागबानों का कहना है कि अगर प्रदेश में विंटर सीजन ठीक से नहीं बरसता है, तो किसानों व बागबानों को नुकसान झेलना पड़ सकता है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश से इसी सप्ताह के दौरान मानसून विदा हो जाएगा। राज्य में आगामी दिनों के दौरान भी मानसून कमजोर रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App