किसानों का फायदा, तो कांग्रेस का विरोध क्यों

By: शिमला Sep 24th, 2020 12:01 am

कांग्रेस पार्टी हमेशा किसान विरोधी रही है और जब-जब सत्ता में आई है, तब-तब उनको किसान की चिंता नहीं हुई, पर जब केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किसानों की आमदनी को दोगुना करने का सकारात्मक कार्य किया जा रहा है, तो वह कांग्रेस पार्टी से देखा नहीं जा रहा है। ये शब्द भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने शिमला में कहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा भाजपा के सकारात्मक कार्य पर झूठे अारोप लगाए हैं, आज कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है।

कांग्रेस पार्टी का कहना है कि एपीएमसी समाप्त हो गई है, पर ऐसा कुछ नहीं है एपीएमसी बिलकुल समाप्त नहीं हुई। केंद्र द्वारा जो दो बिल पारित हुए हैं, वे आने वाले समय में भारतीय किसानों की दशा और दिशा बदलने वाले हैं। आने वाले समय में किसानों की आमदनी दोगुना अवश्य होगी। अब किसान जब चाहे, जहां चाहे अपनी फसल को अपने दामों पर बेच सकता है, उसको अब एक ही मंडी में अपनी फसल बेचने की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा दलालों और बिचौलियों का साथ दिया है और आज मोदी सरकार ने इन बिचौलियों की भूमिका को समाप्त कर दिया है। आज ये दोनों बिल किसानों के हक में हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App