पानी की बढ़ी दरें वापस लो अभियान शुरू, आम आदमी पार्टी घर-घर जाकर करवाएगी हस्ताक्षर

By: निजी संवाददाता— चंडीगढ़ Sep 22nd, 2020 12:08 am

चंडीगढ़-पानी की बढ़ी दरों को लेकर आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ ने भाजपा को निशाने पर लिया है। आप ने पूरे शहर भर में भाजपा शासित नगर निगम के खिलाफ  पानी की बढ़ी दरें वापस लो अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण शहर में एक बहुत बड़े वर्ग की आर्थिक स्थिति कमजोर हो चुकी है। कोरोना काल ने जहां रोजगार छीन लिए हैं, वहीं काम धंधे चौपट हो गए हैं।

आम आदमी के लिए रोजी-रोटी के लाले पड़ गए हैं। बावजूद इसके, भाजपा शासित नगर निगम शहर की जनता को लूटने में लगी है। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष दलीप कुमार, ओमप्रकाश तिवारी, प्रदेश महासचिव गुरुदेव यादव, प्रदेश संयुक्त सचिव दिनेश दलेरे, देविंदर छाबड़ी और कालोनी सेल के अध्यक्ष राजेंद्र हिंदुस्तानी और अन्य पार्टी पदाधिकारियों  और कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर भर में विरोध अभियान चलाया, जिसमें स्थानीय लोगों के बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विक्रम सिंह पुंडीर ने कहा कि जल्द ही आम आदमी पार्टी पूरे शहर भर में घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। आप शहर निवासियों से हस्ताक्षर करवाकर चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को सौंपेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App