सुजानपुर के विकास पर खर्च होंगे 60 लाख रुपए

By: स्टाफ रिपोर्टर, सुजानपुर Oct 19th, 2020 12:28 am

 सुजानपुर-सुजानपुर शहर के विकास पर 60 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इस राशि से सबसे पहले शहर में पक्के खोखे बनाकर व्यापारी वर्ग को दिए जाएंगे, ताकि उनकी आजीविका के साधन मजबूत हो सकें। यह बात केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं कारपोरेट  मंत्रालय भारत सरकार एवं हमीरपुर लोक सभा सांसद अनुराग ठाकुर ने देश की राजधानी दिल्ली में उनसे मिलने गए नगर परिषद सुजानपुर के अध्यक्ष अशोक मेहरा से कही। बताते चलें कि नगर परिषद अध्यक्ष अशोक मेहरा अपनी बेटी के रिश्ते को लेकर दिल्ली पहुंचे थे।

इसी बीच वह अपने परिवार सहित केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मिलने के लिए दिल्ली स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे, जहां उन्हें नवरात्र की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं उन्हें सुजानपुर आने का निमंत्रण भी दिया। अनुराग ठाकुर ने उनका निमंत्रण कबूल करते हुए कहा कि आने वाली 23 अक्तूबर को वह सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में आएंगे उनके साथ पंचायती राज एवं ग्रामीण मंत्री वीरेंद्र कंवर भी उपस्थित रहेंगे। सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि सुजानपुर शहर में विकास को लेकर भाजपा सरकार वचनबद्ध है। इसलिए शहर में विकास हेतु 60 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App