अपना जिम तैयार, अब खूब करो कसरत

By: कार्यालय संवाददाता — बिलासपुर Oct 23rd, 2020 12:06 am

बिलासपुर के भल्लू-रियाणा के युवाओं ने अपने दम पर व्यायामशाला खोलकर पेश की मिसाल

सरकार व प्रशासन जहां युवाओं को स्वस्थ्य रखने के लिए जिम स्थापित के लिए लाखों रुपए खर्च कर रहे हैं, वहीं बिलासपुर जिला की ग्राम पंचायत बलोह के गांव भल्लू-रियाणा के युवाओं ने अपने दम पर जिम स्थापित कर दिया है। बिना किसी सहयोग के युवाओं ने जिम स्थापित कर नई मिसाल पेश की है। यह जिम गांव के महिला मंडल भवन में ही चलाया जा रहा है, जहां पर रोजाना युवा पहुंचते हैं।

हालांकि इन युवाओं को उम्मीद थी कि कोई जन प्रतिनिधि इनकी आर्थिक तौर पर मदद करेगा, लेकिन कहीं से भी सहयोग नहीं मिलने के बाद इन युवाओं ने हिम्मत नहीं हारी और अपने स्तर पर ही जिम स्थापित कर दिया है। अब यहां पर एक गांव नहीं, बल्कि तीन-तीन गांव के युवा पहुंच रहे हैं। हालांकि अभी भी यहां पर कई महंगी मशीनों की आवश्यकता है। युवाआें ने कहा कि यदि कोई प्रतिनिधि या प्रशासन इनकी मदद करे, तो यह मुहिम और सफल होगी।

सभी के लिए खुला

जिम स्थापित करने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे अंकु पटियाल का कहना है कि युवाओं के सहयोग से उन्होंने यह काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में युवाओं को नशे से दूर रखने में जिम अहम रोल निभा रहे हैं। उन्होंने अन्य आसपास के युवाओं से भी आह्वान किया है कि जिम में आएं और इसका लाभ उठाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App