ज्वालामुखी भाजपा मंडल भंग, संगठन के खिलाफ बोलने वाले किए बाहर, प्रदेशाध्यक्ष ने की कार्रवाई

By: दिव्य हिमाचल टीम—शिमला, ज्वालामुखी Oct 31st, 2020 12:06 am

ज्वालामुखी में भाजपा संगठन के खिलाफ बोलने वालों पर संगठन ने गाज गिरा दी है। वहां के कई नेताओं पर अनुशासनहीनता का चाबुक चला है और पूरा मंडल भंग कर दिया गया है। पिछले दिनों संगठन के खिलाफ खुले मंच से इन नेताओं ने विरोध जताया था। बताया जा रहा है कि ये लोग वरिष्ठ विधायक व योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला के समर्थक हैं। इन पर गाज गिराने के साथ ज्वालामुखी के सभी मोर्चे व प्रकोष्ठों को भी भंग कर दिया गया है। इससे संगठन में नया बवाल मचने की पूरी संभावना है।

 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि संगठनात्मक जिला देहरा के ज्वालामुखी मंडल के कुछ पदाधिकारियों ने  संगठन के विरूद्ध बयानबाजी कर पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है, जो कि अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इसलिए पार्टी ने तुरंत प्रभाव से मंडल को भंग कर दिया है। साथ ही मंडल के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठों को भी भंग कर दिया गया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अनुशासन के लिए ही जानी जाती है और यहां पर कोई भी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कभी भी संगठन से उपर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर ही पार्टी के लिए कार्य करना होता है और जब कोई कार्यकर्ता, नेता या पार्टी का पदाधिकारी पार्टी की विचारधारा व अनुशासन को भंग करने की कोशिश करता है, तो पार्टी उसके विरुद्ध पार्टी संविधान के अनुसार कड़ी कार्रवाई करती है। सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही पार्टी आगे बढ़ती है, परंतु अनुशासनहीनता के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ज्वालामुखी के नए मंडल तथा मोर्चे एवं प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा।

ये पदाधिकारी किए भारमुक्त

कुछ पदाधिकारियों को भी भारमुक्त किया गया है। इनमें कुलदीप शर्मा भाजपा उपाध्यक्ष जिला देहरा, जोगिंद्र कौशल सचिव देहरा, चमन लाल पुंडीर पूर्व मंडलाध्यक्ष ज्वालामुखी एवं विशेष आमंत्रित सदस्य, युवा मोर्चा में नितिन ठाकुर जिलाध्यक्ष देहरा, राकेश ठाकुर प्रदेश सह प्रवक्ता, महिला मोर्चा में भावना शर्मा जिला महामंत्री देहरा, शहरी केंद्र अध्यक्ष रामस्वरूप शास्त्री के नाम शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App