केंद्रीय प्रोजेक्टों पर खर्च होंगे 455 करोड़

By: विशेष संवाददाता—शिमला Oct 25th, 2020 12:01 am

गति पकड़ेंगी रुकी परियोजनाएं, भानुपल्ली व चंडीगढ़ रेललाइन पर भी व्यय होगी राशि

केंद्र सरकार की मदद से हिमाचल में जो परियोजनाएं चल रही हैं, उनको अब गति मिल सकेगी। राज्य सरकार ने इन परियोजनाओं में जो अपने हिस्से का पैसा खर्च करना है, उनके लिए केंद्र से ही मदद मिल गई है। जल्द ही यह राशि प्रदेश को मिल जाएगी। हाल ही में केंद्र सरकार ने हिमाचल व उत्तराखंड के लिए, जो पैकेज घोषित किया था, उसमें हिमाचल को उत्तराखंड के मुकाबले पांच करोड़ रुपए अधिक मिलने जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार कुल 900 करोड़ रुपए में से हिमाचल के हिस्से में 455 करोड़ रुपए की राशि आ रही है, जबकि उत्तराखंड को 445 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी, मगर शर्त यह है कि यह पैसा केंद्रीय प्रोजेक्टों को जल्द पूरा करने पर खर्च किया जाएगा।  इसके लिए राज्य सरकार से उसकी प्राथमिकताएं  केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने पूछी हैं। कहा गया है कि वह किन-किन परियोजनाओं पर पैसा खर्च करना चाहती है, यह बताए, उसके हिसाब से ही पैसा रिलीज होगा। इस राशि से यहां पर रेल प्रोजेक्टों पर भी खर्च किया जा सकता है, जो कि केंद्रीय परियोजनाएं हैं, जिसमें हिमाचल को अपना हिस्सा भी देना होता है। इसमें विशेषतयाः भानुपल्ली-बैरी-बिलासपुर रेललाइन और बद्दी-चंडीगढ़ रेललाइन प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके अलावा भी कुछ केंद्रीय प्रोजेक्ट हैं, जिनमें सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं, उनमें भी यह राशि खर्च हो सकती है।

 वित्त मंत्रालय को अब कौन सी परियोजनाओं की प्राथमिकता सरकार भेजती है यह देखना होगा। मामले को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ वित्त विभाग की बैठक होगी। अभी तक यही पता था कि केंद्र सरकार ने दो पहाड़ी राज्यों के लिए 900 करोड़ रुपए का पैकेज दिया है। अब हिमाचल के हिस्से में आने वाली राशि कहां पर खर्च हो सकेगी और कब तक यह पैसा आएगा, यह देखना हेगा।

वित्त विभाग तैयार करेगा खाका

राज्य की वित्तीय स्थिति कमजोर है, जिस पर उसे कर्ज लेना पड़ रहा है, इसलिए केंद्र से मिलने वाली इस राशि का उपयोग यहां पर ज्यादा से ज्यादा हो, इस पर रणनीति बनाई जाएगी। पूरा खाका वित्त महकमा तैयार करेगा, जिसे दिल्ली भेजना होगा, जिसके साथ यहां काम करने के लिए वहां से पैसा रिलीज होता रहेगा। सुखद बात यह है कि हिमाचल के हिस्से में 455 करोड़ रुपए की राशि आएगी और जल्दी ही यह पैसा मिल जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App