माउंट फ्रेंडशिप पर फहराया 50 फुट का तिरंगा

By: निजी संवाददाता— कुल्लू Oct 25th, 2020 12:07 am

इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के युवाओं ने मनाली की 5258 फुट ऊंची चोटी पर चढ़कर रचा इतिहास 

भारतीय पर्वतारोहण संस्थान दिल्ली से मान्यता प्राप्त संस्था इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के युवाओं ने मनाली की ऊंची चोटी माउंट फ्रेंडशिप पर 50 फुट का भारतीय ध्वज फहरा कर इतिहास रच दिया। इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के तत्वावधान में होने वाले इस अभियान का नेतृत्व कर रही पर्वतारोही आकांक्षा सिंह ने बताया कि इस अभियान में रिहान अली, प्रशांत, छेरिंग, संजय सिंह ने 18 अक्तूबर को माउंट फ्रेंडशिप पर चढ़ाई शुरू की थी। इनका पहला पढ़ाव कैंप एक में हुआ और दूसरे दिन अपने पूरे इक्विपमेंट व समान के साथ बेस कैंप पहुंचे।  बता दें कि इन पांचों पर्वतारोहियों ने ये मिशन एलपाइन बिना किसी गाइड के पूरा किया। बेस कैंप से एडवांस कैंप पहुंचकर पांचों ने 21 अक्तूबर को सुबह 4ः30 बजे फतह के लिए चढ़ाई शुरू की और मुश्किल हालात का सामना करते हुए सुबह दस बजकर 49 मिनट पर 5258 फुट ऊंची चोटी माउंट फ्रेंडशिप फतह की। उन्होंने चोटी पर 50 फुट का झंडा लहराकर इतिहास रच दिया। भारतीय इतिहास में इतना बड़ा भारतीय ध्वज किसी चोटी पर पहली बार लहराया गया है। इस मिशन में इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन ने चार राज्यों को चयनित किया।

इसमें हिमाचल प्रदेश से छेरिंग, उत्तर प्रदेश से रिहान अली, राजस्थान से अभियान का नेतृत्व कर रही आकांक्षा सिंह सहित संजय सिंह, ओडिशा से प्रशांत ने प्रतिभाग किया। चोटी फतह कर पांचों पर्वतारोहियों ने 50 फुट का भारतीय ध्वज फहराकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। यह मिशन इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इफराहीम अहमद के दिशा निर्देशन में पूरा किया गया। इसमें संस्था के अधिकारियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल जेवी धनखार के पूर्ण दिशा निर्देशन प्राप्त हुए। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट डा. अमित कुमार गुलेरी ने इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के समस्त पर्वतारोहियों का स्वागत किया और समाज को एक संदेश देते हुए कहा कि अगर ट्रैकिंग और माउंटरनिंग में देश के युवा इसी तरीके से आगे बढ़ते रहे तो वह दिन दूर नहीं, जब नशा मुक्ति से हमारा देश जल्द ही मुक्त होगा और युवाओं के अंदर भारत की विभिन्न प्रकार की प्रकृति को करीब से देखने का अवसर भी प्राप्त होगा। देश के युवा इस संदेश के माध्यम से एक नया मार्गदर्शन प्रदान करेंगे और यह गौरव की बात है कि इन युवा और युवतियों ने मिलकर यह झंडा भारत की पहचान एक विश्व स्तर पर करवाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App