राष्ट्रीय पत्र लेखन स्पर्धा में नाहन की डिंपल का डंका,  मालोंवाला की होनहार देशभर में अव्वल

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नाहन Oct 21st, 2020 12:06 am

उत्तर प्रदेश के खीरी जिला की सतत आरोहणम नामक संस्था की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पत्र लेखन स्पर्धा में नाहन के मालोंवाला गांव की डिंपल ने देश भर में प्रथम पुरस्कार जीता है। डिंपल न्यू वे पब्लिक स्कूल शंभूवाला में दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। यह स्पर्धा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समर्पित रही। गांधी जयंती के अवसर पर इस राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के लिए संस्था ने देश भर के विभिन्न राज्यों के संस्थानों से पत्र मंगवाए थे। इसका मुख्य उद्देश्य पत्र लेखन की कला को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता के प्रतिभागी को महात्मा गांधी के नाम एक पत्र अथवा ए लेटर टू गांधी शीर्षक से हिंदी या अंग्रेजी भाषा में पत्र लिखना था। इस पत्र को हाथों से लिखा जाना अनिवार्य था। प्रतियोगिता चार अलग-अलग आयु वर्गों प्राथमिक, माध्यमिक, स्नात्तक और परास्नात्तक में आयोजित की गई।

इसमें विभिन्न राज्यों के 34 संस्थानों से जुड़े विद्यार्थियों ने भाग लिया। संस्था ने अब इस स्पर्धा के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें न्यू वे पब्लिक स्कूल शंभूवाला स्कूल की दसवीं की छात्रा एवं मालों गांव निवासी डिंपल ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है। डिपंल ने माध्यमिक आयु वर्ग में सुंदर हस्तलिखित खत के माध्यम से यह सम्मान अर्जित किया। उनकी इस उपलब्धि पर शहरवासियों में खुशी का माहौल है। विशेषकर डिंपल के सेना से सेवानिवृत्त पिता राकेश कुमार व माता ललिता देवी खुशी से फूली नहीं समां रही हैं। सतत आरोहणम संस्था की निदेशक भारती शर्मा ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के विकास और सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के इस दौर में पत्र लेखन की परंपरा को जीवित रखने हेतु यह स्पर्धा आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

चंबा की तेजस्वी को नीट में 715वां रैंक 

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— चंबा

चंबा शहर के सुराडा मोहल्ले की तेजस्वी ठाकुर ने 503 अंकों के साथ नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एसटी कोटे में राष्ट्रीय स्तर पर 715वां रैंक हासिल किया है। तेजस्वी ठाकुर ने यह कामयाबी हासिल कर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। मूल रूप से पांगी उपमंडल के पुंटो की निवासी तेजस्वी ठाकुर के पिता रविंद्र सिंह पेशे से किसान है, जबकि माता गृहिणी हैं। तेजस्वी ठाकुर ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के हासिल की है। तेजस्वी ठाकुर ने घर पर ही पढ़ाई करके 503 अंकों के साथ नीट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। तेजस्वी ठाकुर अपने दादा रिटायर्ड ग्राम विकास अधिकारी लेखराज को अपना प्रेरणा स्रोत मानती हैं। लेखराज ठाकुर ने बताया कि वह अपनी पोती की इस सफलता से खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी ठाकुर का बचपन से ही एमबीबीएस की पढ़ाई करके डाक्टर बनकर लोगों की सेवा करने का सपना था। तेजस्वी ठाकुर ने घर में रहकर दिन में बारह घंटे से अधिक पढ़ाई करके अपने सपने को साकार किया है। बहरहाल, सुराडा मोहल्ले की तेजस्वी ठाकुर ने नीट की परीक्षा में 503 अंक हासिल किए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App