दस साल की जेल महज दिखावा, घर से टेरर फैक्टरी चला रहा हाफिज सईद

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो, नई दिल्ली Nov 27th, 2020 12:08 am

लश्कर-ए-तोएबा के संस्थापक और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से प्रतिबंधित आतंकी सरगना हाफिज सईद जेल की सजा नहीं काट रहा है, बल्कि लाहौर के जोहर टाउन स्थित घर में ठाठ से रह रहा है और वहीं से टेरर फैक्टरी चला रहा है। इस मामले से अवगत अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। सईद को आधिकारिक रूप से जुलाई 2019 में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद इस साल फरवरी में टेरर फायनांसिंग केस में उसे 10 साल छह महीने जेल की सजा सुनाई गई। इसे अमरीका की ओर से एक अहम कदम बताया गया था।

 पिछले सप्ताह दो अन्य मामलों में उसे सजा सुनाई गई है। हाफिज सईद की गिरफ्तारी और दोषी करार दिए जाने को इमरान खान सरकार की ओर से फायनांशियल एक्शन टास्क फोर्स द्वारा ब्लैक लिस्ट किए जाने से बचने के प्रयास के रूप में देखा गया। हालांकि, भारतीय खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक, हाफिज सईद लाहौर के कोट लखपत जेल में नहीं है। एक अधिकारी ने कहा कि वह अधिकतर घर पर ही रहता है। वह ऐसी कस्टडी में है कि घर पर मेहमान भी उससे मुलाकात कर सकते हैं। इंटेलिजेंस इनपुट के मुताबिक पिछले महीने सईद के घर जकी-उर रहमान लखवी भी पहुंचा था, जोकि लश्कर-ए-तोएबा के जिहाद विंग का ऑपरेशनल कमांडर है। बताया जा रहा है कि इस बैठक का एजेंडा जिहाद के लिए फंड जुटाने पर केंद्रित था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App