दुबई के शासक की राजकुमारी पत्नी के बॉडीगार्ड से संबंध, रिश्ते के बारे में चुप रहने को दिए 12 करोड़

By: एजेंसियां — लंदन Nov 22nd, 2020 12:06 am

जॉर्डन की राजकुमारी और बाद में दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की छठी पत्नी हया बिन्त हुसैन का अपने बॉडीगार्ड के साथ संबंध था। राजकुमारी हया ने बॉडीगार्ड को अपने रिश्ते के बारे में चुप रहने के लिए करीब 12 करोड़ रुपए भी दिए थे, लेकिन यह छिप नहीं पाया और उन्हें बिना बताए ही दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने तलाक दे दिया था। ब्रिटेन के कोर्ट में चली सुनवाई के आधार पर यह दावा किया है। दुबई के शासक ने राजकुमारी हया को बताए बिना ही शरिया कानून के तहत उन्हें फरवरी, 2019 में तलाक दे दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमारी हया का बॉडीगार्ड शादीशुदा था, लेकिन अफेयर की वजह से बॉडीगार्ड की शादी टूट गई। राजकुमारी हया दुबई छोड़ चुकी हैं और कई साल से ब्रिटेन में रह रही हैं। बच्चों की कस्टडी को लेकर राजकुमारी हया ने ब्रिटेन की अदालत में मुकदमा किया था और हया के पक्ष में फैसला आया था। राजकुमारी हया अपने बॉडीगार्ड को काफी महंगे गिफ्ट दिया करती थीं, जिनमें 12 लाख की घड़ी और 50 लाख की बंदूक जैसी चीजें शामिल थीं। राजकुमारी हया दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की छठी और सबसे कम उम्र की पत्नी रही थीं।

2018 में दुबई से भाग निकली थी हया

राजकुमारी हया 2018 में दुबई से भाग निकली थीं और अब लंदन में रहती हैं। वह दो बच्चों की मां है। रिपोर्ट के मुताबिक, जब बॉडीगार्ड रसेल फ्लॉवर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। वहीं, समझा जा रहा है कि राजकुमारी हया भी रसेल के साथ अपने अफेयर से जुड़े कुछ दावों का खंडन करती हैं।

2016 से 2018 तक अफेयर 2019 में तलाक

समझा जा रहा है कि अफेयर 2016 में शुरू हुआ था और तभी वह बॉडीगार्ड राजकुमारी हया के लिए पूरी तरह काम करने लगा। रिपोर्ट के मुताबिक, 46 साल की राजकुमारी हया के ब्रिटेन के 37 साल के बॉडीगार्ड रसेल फ्लॉवर के साथ अफेयर करीब दो साल यानी 2018 तक चला। यह भी कहा जा रहा है कि राजकुमारी हया ने तीन अन्य बॉडीगार्ड को भी रसेल के साथ अपने रिश्ते पर चुप रहने के लिए करोड़ों रुपए दिए। हालांकि दुबई के शासक ने राजकुमारी हया को बताए बिना ही शरिया कानून के तहत फरवरी 2019 में उन्हें तलाक दे दिया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App