‘चाचा’ की रिटायरमेंट पर एक लाख की एफडी

By: कार्यालय संवाददाता-नादौन Nov 29th, 2020 12:22 am

नादौन में कर्मचारियों ने शंभू राम को अनूठे ढंग से दी विदाई

नादौन-खंड विकास कार्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को उसकी सेवानिवृत्ति पर कर्मचारियों द्वारा एक लाख की एफडी भेंट कर अनूठी मिसाल पेश की है। सभी कर्मचारियों पंचायत सचिव सहित बीआरओ बीडीसी चेयरमैन द्वारा अंशदान करके सामूहिक तौर पर यह धन एकत्रित किया गया। इसके साथ ही उन्हें एक एलईडी भी भेंट की गई। उल्लेखनीय है कि कार्यालय में सेवाएं दे रहे चाचा नाम से प्रसिद्ध शंभू राम शनिवार को 13 वर्ष के कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए। उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिलेगा।

इसी बात को लेकर स्टाफ  ने आर्थिक तौर पर उनकी सहायता करने की योजना बनाई। शनिवार को सेवानिवृत्ति पर बीडीओ अपराजिता चंदेल, बीडीसी चेयरमैन विनोद पठानिया व कर्मचारियों ने शंभू राम को एक लाख की एफडी भेंट की। गौर हो की भोरंज उपमंडल के झंडवी गांव निवासी शंभू राम ने 15 वर्ष तक भोरंज कार्यालय में सेवाएं दी। इसके बाद नियमित होने पर वह गत 13 वर्षों से नादौन में ही सेवाएं दे रहे थे। गरीब परिवार से संबंधित शंभू राम को बीडीओ कार्यालय में आने वाला हर व्यक्ति चाचा नाम से पुकारता था। बीडीओ अपराजिता चंदेल व चेयरमैन विनोद पठानिया ने यहां आयोजित सादे समारोह में शंभू राम को बधाई देते हुए उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App