कोरोना पर भारी…पुलिस का डंडा

By: नगर संवाददाता- ऊना Nov 26th, 2020 12:24 am

ऊना में पुलिस की सख्ती के बाद लोग पहनने लगे मास्क, बिना मास्क घुमने पर हो रहा एक हजार रुपए का चालान

 ऊना-फेस्टिवल सीजन के बाद हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस की रफ्तार बढ़ने के साथ ही सरकार व प्रशासन ने सख्ती कर दी है। सरकार ने कोरोना वायरस को लेकर नई गाइडलाइंस जारी कर जिला प्रशासन को सख्ती से लागू करने के सख्त निर्देश दिए है। इन निर्देशों के बाद प्रशासनिक अधिकारी पूरे एक्शन में आ गए है। कुछ रोज पहले एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों को बिना मास्क सड़कों पर घूम रहे लोगों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए। वहीं, ऊना जिला में बिना मास्क घूमने वालों के चालान 100 के बजाय एक हजार करने का भी निर्णय लिया गया। पुलिस 21 नवंबर से 25 नवंबर तक पांच  दिनों में पुलिस करीब 166 चालान काट चुकी है।

ऊना शहर में ही पुलिस विभिन्न मुख्य चौहारों व बाजार में खड़े होकर बिना मास्क के घूम रहे लोगों को सबक सिखा रही है। पुलिस की सख्ती के बाद व एक हजार रुपए के चालान के डर से लोगों ने अब मास्क पहनना शुरु कर दिया है। वहीं,  डीएसपी हैडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर ने कहा कि कोरोना वायरस का प्रसार दिन पर दिन बढ़ रहा है। कोरोना वायरस पर अंकुश लगाने के लिए लोग पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। लोग बिना मास्क सड़कों पर न आए और कोविड-19 के निर्देशों की पालना करें। अगर कोई बिना मास्क घूमता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्ती कार्रवाई की जाएगी।

पांच दिन में बिना मास्क 166 चालान, 86500 जुर्माना

एसपी के निर्देशों के बाद पुलिस ने बिना मास्क घूमने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया हुआ है। पुलिस पिछले पांच दिनों में 166 चालान काट चुकी है। जिनसे 86500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। पुलिस के डंडे के डर से लोग अब मास्क बिना सड़कों पर उतरने से पहले सौ बार सोच रहे है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App