जेई-कम्प्यूटर प्रोग्रामर बनने उमड़ी भीड़

By: कार्यालय संवाददाता — हमीरपुर Nov 2nd, 2020 12:02 am

कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर  की दो पोस्ट कोड में छह पद भरने के लिए 34 परीक्षा केंद्रों में लिखित परीक्षा

हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा जूनियर इंजीनियर व कम्प्यूटर प्रोग्रामर की लिखित परीक्षा रविवार को प्रदेश के चार जोन में आयोजित की गई। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग में जेई (सिविल) पोस्ट कोड 765 के तहत तीन पदों को भरने के लिए हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला और मंडी जोन में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

लिखित परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक ली गई, जिसमें 2492 अभ्यार्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इसी तरह पंचायती राज में कंप्यूटर प्रोग्रामर पोस्ट कोड 761 के तहत तीन पद भरने के लिए परीक्षा ली गई। इसके लिए हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा व शिमला जोन में 21 परीक्षा केंद्रों में 3367 अभ्यार्थियों को कॉल लैटर जारी किए गए थे। ये परीक्षा दो से चार बजे तक ली गई। परीक्षा को लेकर बेरोजगार युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि संडे के चलते अभ्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में काफी मुश्किल झेलनी पड़ी।

उधर, परीक्षा केंद्रों में लिखित परीक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए थे। अभ्यार्थियों की सबसे पहले गेट पर थर्मल स्कैनिंग की गई उसके बाद हाथ सेनेटाइज करवाए गए। फिर सोशल डिस्टेंसिंग के तहत परीक्षा हॉल में बिठाया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App