झारखंड-बिहार के ठगों पर भारी हिमाचल की दो दबंग

By: कार्यालय संवाददाता — कुल्लू Nov 29th, 2020 12:01 am

हिमाचल पुलिस की दो महिला पुलिस कर्मी झारखंड और बिहार में जाकर ठग लोगों को ढूंढकर नारी शक्ति की ताकत के साथ मजबूत पुलिस बल का परिचय दे रही है। पुलिस जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कुल्लू में तैनात दो महिला आरक्षी बाहरी राज्यों में दबिश देकर फ्रॉड लोगों का पर्दाफाश कर रही हैं। हालांकि साइबर/ऑनलाइन फ्रॉड केस सुलझाने में कुल्लू पुलिस का 11 सदस्यों का मजबूत पकड़ वाला पीओ सैल तारीफ के काबिल है।

वहीं, इस जांच टीम में तैनात दो महिला पुलिस कर्मी की भी अहम भूमिका हिमाचल की सुरक्षा को और बल दे रही है। 11 सदस्यों के मजबूत पुलिस जाल में ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर लोग एक-एक कर फंसने से बच नहीं पा रहे हैं। हिमाचल के लोगों के बैंक खातों से ऑनलाइन ठगी करने में झारखंड और बिहार केंद्र बने हैं। फ्रॉड केस सुलझाने के लिए गठित कुल्लू पुलिस की जांच टीम में नौ से 11 सदस्य तैनात किए हैं। एसपी कुल्लू गौरव सिंह द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी के केस सुलझाने के लिए गठित जांच टीम में महिला आरक्षी आशा और महिला आरक्षी सुषमा तैनात हैं। दोनों महिला आरक्षी जांच टीम में शामिल होकर धरातल पर मामलों की जांच कर टीम के अन्य सदस्यों का पूरा सहयोग कर रही हैं।

कुल्लू पुलिस के उपनिरीक्षक नागदेव के नेतृत्व वाली जांच टीम में महिला आरक्षियों के साथ सह उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी कर्म चंद, आरक्षी अमर सिंह, आरक्षी प्रवीण कुमार, आरक्षी विक्रांत और आरक्षी सोनू शामिल हैं। यह टीम आनी थाने में दर्ज हुए धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहे हैं। इस टीम ने धोखाधड़ी में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 13 जुलाई, 2020 को कुल्लू थाने में दर्ज मामले सुलझाने के लिए सभी जांच टीम के सदस्यों के साथ एक और उपनिरीक्षक रिंकू और मुख्य आरक्षी शामिल था। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि साइबर/ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले लोगों पर कुल्लू पुलिस उचित कार्रवाई कर रही है। जैसे पुलिस में शिकायत आती है, तुरंत मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

बिहार में पकड़े 16 आरोपी

कुल्लू पुलिस की विशेष जांच टीम ने 11 नवंबर से पहले तक बिहार, झारखंड, वेस्ट बंगाल ओर उत्तर प्रदेश से 16 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 11 नवंबर को कुल्लू में दर्ज मामले में धोखाधड़ी करने वाले तीन लोगों को झारखंड से दबोचा है।

खुद को बताते हैं बैंक मैनेजर

ऑनलाइन ठगी करने वाले लोग फोन कॉल कर खुद को बैंक मैनेजर बताते हैं। फिर बैंक अकाउंट नंबर, एटीएम पिन और ओटीपी की जानकारी हासिल करते हैं। फिर लोगों के अकाउंट से अपने अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करते हैं। कुल्लू वाले केस की जांच में यह पाया गया है।

नवंबर में सुलझाए दो मामले

कुल्लू पुलिस की विशेष जांच टीम ने नवंबर माह में साइबर/ऑनलाइन फ्रॉड के दो केस सुलझाए। मामले में संलिप्त छह आरोपियों को बिहार और झारखंड से गिरफ्तार किया गया। इनसे अभी तक 125500 रुपए की राशि रिकवर की है।

जाली सिम कार्ड से लूटने वाले धरे

कुल्लू। कुल्लू पुलिस ने जाली सिम कार्ड के माध्यम से स्थानीय लोगों से ठगी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। ठगी का तरीका भी नायाब था। कारनामे में संलिप्त गिरोह छोटे-छोटी रकम दुकानदारों से मांगता था। दो दिन पहले पुलिस थाना सदर कुल्लू में एक अभियोग दर्ज हुआ था। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि कुल्लू पुलिस की साइबर सेल ने घटना की गहनता से जांच की और पाया कि ऐसी कई और घटनाएं अन्य लोगों के साथ भी हुई हैं। इसमें पता चला कि इस घटना को अंजाम देने वाले जिला कुल्लू के ही चार लोग हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App