कठुआ की पांच चौकियों गांवों पर भारी गोलीबारी, पाकिस्तान ने फिर की ना पाक हरकत!

By: एजेंसियां, जम्मू Nov 30th, 2020 12:12 am

जम्मू पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिला में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अग्रिम चौकियों एवं गांवों में शनिवार रातभर बिना उकसावे के गोलीबारी की और एक बार फिर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पाकिस्तान ने शनिवार रात करीब नौ बजकर 50 मिनट पर हीरानगर सेक्टर में करोल कृष्णा, मन्यारी और पंसार में सीमा पार से गोलीबारी की, जिसका बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रविवार तड़के सवा चार बजे तक गोलीबारी जारी रही।

भारतीय पक्ष में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। पाकिस्तानी जवानों द्वारा पिछले आठ महीनों में संघर्ष विराम समझौते के लगातार उल्लंघन की घटनाओं ने सीमावर्ती गांवों के लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। मन्यारी गांव के निवासी धर्म पॉल ने कहा कि जीवन बहुत मुश्किल है और हमें हर रात पाकिस्तानी गोलीबारी से जान बचाने के लिए भूमिगत बंकरों में जाना पड़ता है। पाकिस्तान की ओर से मोर्टार के गोले दागे जाने और गोलीबारी किए जाने के कारण पिछले दो साल में गांव में करीब एक दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App