पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल का रोहतक पीजीआई में निधन

By: निजी संवाददाता — चंडीगढ़ Nov 16th, 2020 12:01 am

हरियाणा की वरिष्ठ नेता व पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल चंद्रावती का रोहतक पीजीआई  में रविवार  सुबह निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं और काफी समय से बीमार चल रहीं थीं। उनके निधन से इलाके में शोक छा गया। वह पीजीआई के आपात विभाग में उपचार के लिए आई थीं और कोरोना संक्त्रमित मिलने पर उन्हें कोविड सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया था। सेहत ज्यादा खराब होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उपचार के दौरान मौत होने के बाद रविवार को पीजीआई प्रशासन ने परिजनों की इच्छानुसार व प्रशासन के निर्देश पर सम्मानपूर्वक पार्थिव शरीर जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद चरखी दादरी रवाना कर दिया।

 शवयान को राजकीय सम्मान के साथ पुलिस की टीम ने एस्कॉर्ट किया। 92 साल की चंद्रावती चार नवंबर को उपचार के लिए आपातकालीन विभाग में आई थीं। उन्हें वार्ड नौ की यूनिट तीन में भर्ती किया गया था। डाक्टरों ने संदेह होने पर उनका आरटी पीसीआर टेस्ट कराया। पांच नवंबर को वह जैसे ही कोरोना संक्त्रमित मिलीं उन्हें कोविड अस्पताल में बने ट्रामा सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनका खाना-पीना पहले ही कम हो चुका था और स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ रही थी। मिली जानकारी  के अनुसार उन्हें दिल की बीमारी थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App