‘अपना गांव’ में ‘दिव्य हिमाचल’ की खोज, लीड रोल में नजर आएंगे रविज़ ठाकुर-अरुषा शर्मा

म्यूजिक वीडियो में लीड रोल में नजर आएंगे रविज़ ठाकुर-अरुषा शर्मा
टीवी सीरियल से लाखों दर्शकों के दिल में जगह बना चुके रविज ठाकुर हिमाचली संस्कृति को देश में बढ़ावा देने के मकसद से अब ‘अपना गांव’ म्यूजिक वीडियो में नजर आएंगे। ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के इवेंट ‘मिस्टर हिमाचल’ के विजेता रविज़ ठाकुर के साथ ‘मिस हिमाचल’ अरुषा शर्मा भी म्यूजिक वीडियो में लीड रोल में नजर आएंगी। ‘अपना गांव’ म्यूजिक वीडियो सोमवार सायं रिलीज किया गया।
मोहित चौहान के प्रोडक्शन हाउस महाकाल द्वारा विशेष शख्सियत लायक राम रफीक को समर्पित ‘अपना गांव’ म्यूजिक वीडियो को सरगम स्टूडियो में रिलीज किया गया है। इस सॉन्ग को हनी नेगी ने आवाज दी है। गाने में सारा म्यूजिक राजीव नेगी ने कंपोज किया है। बता दें कि रविज़ ठाकुर ख्याति प्राप्त स्टार भारत चैनल के सीरियल ‘राधा कृष्ण’ में लीड रोल में हैं। इससे पहले उन्होंने स्टार प्लस के शो ‘नमः’ व सोनी टीवी के ‘पोरस’ में खूब प्रसिद्धि हासिल की। रविज़ बताते हैं कि आज सीरियल के लिए हजारों फ्रेशर ऑडिशन देते हैं और उसमें इक्का-दुक्का प्रतिभाशाली युवक-युवतियां ही चयनित हो पाते हैं।
उन्हें गर्व है कि मुंबई की इस भीड़ में वह रोहडू ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल का नाम ऊंचा करने में कामयाब हुए हैं। ‘अपना गांव’ म्यूजिक वीडियो गीत उनके लिए यादगार के रूप में रहेगा। उसके पीछे मकसद इतना ही है हिमाचल की संस्कृति को देश में दिखाया जाए। शिमला की रोहड़ू तहसील के तहत पड़ने वाले रूंडा गांव के रविज़ ठाकुर सिया के राम, नागार्जुन, इच्छाधारी नागिन, दिल दे कर देखो, बाल कृष्ण, शपथ व शनि देव सहित दर्जनों टीवी सीरियलों में काम कर चुके हैं। रविज़ ठाकुर का मानना है कि उनके सपनों को उड़ान ‘दिव्य हिमाचल’ के इवेंट ‘मिस्टर हिमाचल’ से मिली है।