सीएम आवास के बाहर हंगामा, हालात बिगड़ता देख पुलिस को इस्तेमाल करना पड़ा वाटर कैनन

By: निजी संवाददाता — चंडीगढ़ Dec 3rd, 2020 12:08 am

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को घेरने उतरे, हालात बिगड़ता देख पुलिस को इस्तेमाल करना पड़ा वाटर कैनन

किसान आंदोलन को लेकर बुधवार को शहर में जमकर सियासी घमासान देखने को मिला। पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में रैली निकाली और हरियाणा मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।

इस दौरान मीडिया कर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए। वहीं, इसके विरोध में चंडीगढ़ में कार्यरत पत्रकारों ने गुरुवार को पंजाब विधानसभा के बाहर इस घटना को लेकर धरण देने का फैसला किया है। उधर, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पंजाब यूथ कांग्रेस के सदस्यों ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास का घेराव करने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए उन्हें रोकने की भरसक कोशिश की। इसके बाद कार्यकर्ताओं पर सेक्टर 2, 3 के चौक पर फिर से वॉटर कैनन बरसाए गए।

लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार पुलिस इन सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर सेक्टर तीन पुलिस स्टेशन ले गई। उधर, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किसान चुपचाप दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन हरियाणा पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए, बैरिकेडिंग की, वाटर कैनन का इस्तेमाल कियाए आंसू गैस के गोले फेंके, सड़कें तक खोद दी, जबकि शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App