इकॉनोमी में आने लगा सुधार, लगातार दूसरे महीने जीएसटी कलेक्शन एक लाख करोड़ पार

By: दिव्य हिमाचल ब्यूरो, नई दिल्ली Dec 2nd, 2020 12:11 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, नई दिल्ली

कोरोना काल के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार नजर आ रहा है। जीएसटी कलेक्शन लगातार दूसरे महीने एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा। वित्त मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक नवंबर में जीएसटी कलेक्शन 104963 रुपए रहा। माल एवं सेवा कर संग्रह का आंकड़ा अक्तूबर में 1.05 लाख करोड़ रुपए रहा था। फरवरी के बाद पहली बार जीएसटी संग्रह का आंकड़ा अक्तूबर में एक लाख करोड़ रुपए के पार गया और अब नवंबर में लगातार दूसरे महीने यह आंकड़ा एक लाख करोड़ के पार रहा।

नवंबर, 2020 में कुल जीएसटी  राजस्व 104963 करोड़ रुपए रहा है। इसमें केंद्रीय जीएसटी 19189 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी 25540 करोड़ रुपए और एकीकृत जीएसटी 51992 करोड़ रुपए है। इसमें से 22078 करोड़ रुपए वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए हैं। इसमें उपकर का योगदान 8242 करोड़ रुपए (वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए 809 करोड़ रुपए शामिल) का रहा है। हालांकि, अक्तूबर की तुलना में जीएसटी राजस्व का आंकड़ा मामूली घटा है। अक्तूबर में यह 1.05 लाख करोड़ रुपए रहा था। नवंबर में जीएसटी संग्रह पिछले साल के समान महीने से 1.4 प्रतिशत अधिक है। नवंबर, 2019 में जीएसटी संग्रह 103491 करोड़ रुपए रहा था। समीक्षाधीन महीने में वस्तुओं के आयात से राजस्व पिछले साल के समान महीने की तुलना में 4.9 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं, घरेलू लेन-देन से राजस्व पिछले साल के समान महीने से 0.5 प्रतिशत अधिक रहा है। बीते वित्त वर्ष 2019-20 में 12 में से आठ महीनों में जीएसटी राजस्व एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा था। हालांकि, चालू वित्त वर्ष में कोरोना वायरस महामारी की वजह से लगाए गए लॉकडाउन से जीएसटी राजस्व प्रभावित हुआ है।

इस वर्ष कलेक्शन

महीना                 जीएसटी संग्रह

जनवरी                1,10,000

फरवरी                 1,05,366

मार्च                    97,597

अप्रैल                  32,294

मई                      62,009

जून                    90,917

जुलाई                 87,422

अगस्त                 86,449

सितंबर                 95,480

अक्तूबर               1,05,155

नवंबर                 1,04,963

            (करोड़ रुपए में)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App