मास्क पहनकर ही बसों में बैठें सवारियां

By: Apr 8th, 2021 12:14 am

सुभाष शर्मा- नाहन
बढ़ते हुए कोरोना के मामलों के बीच एक बार फिर एचआरटीसी परिवहन सेवाओं को सेनेटाइज करने में जुट गया है। एचआरटीसी नाहन डिपो से बसों को सेनेटाइज कर संचालित करने के निर्देश आरएम नाहन संजीव बिष्ट ने जारी कर दिए हैं। वहीं निगम ने निर्णय लिया है कि एचआरटीसी बसों में सवारियों को मास्क के साथ ही बिठाना सुनिश्चित किया जाए। आरएम नाहन संजीव बिष्ट ने बताया कि बढ़ते हुए कोरोना मामलों के बीच निगम की बसों में सवारियां सुरक्षित सफर करें के लिए सभी बसों को वर्कशॉप से ही सेनेटाइज किया जा रहा है। वहीं सभी चालक-परिचालकों को मास्क, हैंड सेनेटाइजर, ग्लब्ज दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि सवारियों को बसों में मास्क के साथ बिठाया जाए। वहीं यदि किसी सवारी के पास मास्क नहीं पहना हुआ है तो परिचालक उन्हें बस में ही मास्क उपलब्ध करवाएंगे। उधर कोरोना काल व लगातार निगम की घट रही सवारियों के बीच स्थिति को देखते हुए एचआरटीसी नाहन डिपो रविवार को जहां बसों के रूट पर कट लगा रहा है। वहीं नाहन डिपो में डीजल खर्चों इत्यादि से बचने के लिए लगभग आधा दर्जन इलेक्ट्रिकल बसों की मांग प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन को भेजी गई है, ताकि नाहन डिपो में भी इलेक्ट्रिकल बसें संचालित हो सकें। आरएम नाहन डिपो संजीव बिष्ट ने बताया कि नाहन डिपो से इलेक्ट्रिकल बसों की आधा दर्जन बसों को मंगवाने के लिए डिमांड को भेज दिया गया है। वहीं यहां पर चार्जर स्टेशन को स्थापित करने का भी प्रस्ताव भेजा गया है, ताकि इलेक्ट्रिकल बसों के संचालन के दौरान बसों की बैटरियों को चार्ज किया जा सके। आरएम नाहन ने बताया कि फिलहाल शिमला व सोलन में ही इलेक्ट्रिकल चार्जर स्टेशन हैं, जिसके चलते नाहन से शिमला रूट पर ही इलेक्ट्रिकल बसों को संचालित किया जाएगा। जबकि नाहन में चार्जर स्टेशन लगने के बाद यहीं पर बसों की बैटरियों को चार्ज किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिकल बसों के संचालन से नि:संदेह डीजल के खर्चों जैसी कटौती होगी। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App