मंडी में भाजपा ने बचाया किला, कांग्रेस की उम्मीदों को झटका

By: Apr 7th, 2021 10:53 pm

 नगर निगम चुनावों में भी विपक्ष को झेलनी पड़ी शिकस्त

अमन अग्रिहोत्री— मंडी
नगर निगम मंडी के पहले ही चुनाव में भाजपा को बहुत बड़ी जीत मिली है। भाजपा ने मुख्यमंत्री के गृह निगम क्षेत्र में बड़ी जीत दर्ज करते हुए 15 में से 11 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस खाते में चार ही सीटें आई हैंं। कांग्रेस के कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ भाजपा को भी एक सीट उम्मीद से बाहर हार मिली है। भाजपा बागियों के चुनाव मैदान में होने के बाद भी पड्डल और समखेतर वार्ड जीत दर्ज करने में सफल रही है। कांग्रेस के दिग्गज पुष्पराज को हार मिली है। तो मंगवाई में आपसी फूट की वजह से भाजपा की हार हुई है। समखेतर वार्ड में भाजपा प्रत्याशी निर्मल वर्मा ने सबको हैरान करते हुए जीत दर्ज की है। खलियार वार्ड एक से कांग्रेस की अल्कनंदा हांडा ने फिर से जीत दर्ज कर दी है। उन्होंने भाजपा की वंदना ठाकुर को हराया है।

वहीं वार्ड पुरानी मंडी दो से भाजपा के वीरेंद्र भट्ट जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के आदित्य शर्मा को हराया है। मंडी तीन वार्ड तीन पड्डल में काग्रेस दिग्गज व पूर्व नप अध्यक्ष भी रहे पुष्पराज को हार मिली है। यहां से भाजपा के युवा प्रत्याशी सोमेश उपाध्याय जीते हैं। वार्ड नंबर चार नेला से कांग्रेस के राजेंद्र मोहन ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के गिरिश चंदेल को हराया है। वार्ड नंबर पांच में मंगवाई में भाजपा को हार मिली है। यहां भाजपा के विशाल ठाकुर हार गए हैं। जबकि कंाग्रेस के योगराज ने जीत दर्ज की है। वार्ड नंबर 6 सन्यारड़ से भाजपा के वीरेंद्र आर्य जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के रजनीश कुमार को हराया है। वार्ड नंबर सात तल्याड़ से भाजपा की सुदेश ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की अंजली सेन को हराया है। वार्ड नंबर आठ पैलेस कॉलोनी वन से भाजपा के हरदीप सिंह राजा जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के नवीन शर्मा को हराया है। वहीं वार्ड 9 पैलेस कॉलोनी दो से भाजपा की दिग्गज नेत्री सुमन ठाकुर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी वंदना सैणी को हराया है। वार्ड नंबर दस से भाजपा की नेहा कुमारी ने दूसरी जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की भारती को हराया है। वार्ड नंबर 11 से भी बड़े मुकाबले में भाजपा ने जीत दर्ज की है। यहां से निर्मल वर्मा ने कांग्रेस की मीनाक्षी महंत को हराया है। वार्ड 12 भगवाहन से भाजपा की माधूरी कपूर ने जीत दर्ज की है।

यहां से कांग्रेस की उर्मिला शर्मा को हार का सामना करना पड़ा है। वार्ड 13 थनेहड़ा से भाजपा को जीत मिली है। यहां से भाजपा की दीपाली जसवाल को जीत मिली है। वार्ड 14 बैहना से भी भाजपा जीती है। यहां से भाजपा के कृष्ण भानू जीते हैं। जबकि वार्ड 15 दौंहधीं से कांग्रेस की अंजना कुमारी ने जीत दर्ज की है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App