कांग्रेस ने रैली निकाल मनाया जश्न

By: Apr 9th, 2021 12:55 am

सोलन में नगर निगम में जीत के बाद खूब झूमे कार्यकर्ता; राणा बोले, जनता ने दिया भाजपा को जवाब

मोहिनी सूद-सोलन
नगर निगम सोलन में पहली बार हुए चुनावों में कांग्रेस का कब्जा हो चुका है, ऐसे में अब 2022 में मुकाबला देखने लायक रहने वाला है। सोलन में राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले डा. राजीव बिंदल की नीति को विफल कर कांग्रेस प्रभारी केवल पठानिया व राजेंद्र राणा ने नगर निगम सोलन की 17 में से 9 सीटें जीत कांग्रेस की झोली में डाल दी है। वहीं नगर निगम चुनावों में मिली जीत का जश्न कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचते गाते हुए मनाया। वीरवार को सोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ओल्ड बस स्टैंड से मां शूलिनी के मंदिर जाकर माता का आभार व्यक्त किया। जिसके बाद पत्रकारवार्ता का आयोजन भी किया गया। मंदिर से आकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर का दौरा कर जीत का जश्न मनाते हुए शहर की जनता का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर नगर निगम सोलन में कांग्रेस की ओर से बनाए गए चुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा और सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल मौजूद रहे। पत्रकारवार्ता के दौरान राजेंद्र राणा ने कहा कि नगर निगम चुनाव में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा रही है, जहां एक और सत्ता पर काबिज भाजपा सत्ताबल और धनबल का प्रयोग किया। जनता ने भाजपा को इसका करारा जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में मिली जीत यह इंगित करती है कि 2022 में भाजपा की सरकार जाने वाली है। राणा ने कहा कि नगर निगम सोलन में मेयर और डिप्टी मेयर कौन बनेगा इसको लेकर सभी विजयी पार्षदों के साथ बैठक की जाएगी,चर्चा के बाद ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में सोलन वासियों के साथ जो वायदे किए हैं, उसको पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतरीन सेवा दी जाएगी। इस दौरान सुजानपुर के विधायक व नगर निगम सोलन के चुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जबरदस्त समर्थन लोगों का मिला है। जिसके चलते सोलन, पालमपुर व धर्मशाला में कांग्रेस पार्टी की नगर निगम बनेगी। धर्मशाला में अभी संस्पेंस है, जिसमें भाजपा को अधिक्तर सीटें आई है, लेकिन कांग्रेस पार्टी निर्दलीयों को साथ लेकर अपनी नगर निगम बनाएगी। इसके लिए उन्होंने सोलन, पालमपुर व धर्मशाला के मतदाताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि महंगाई व विकास कार्यों के मुद्दे पर यह चुनाव लड़े गए थे और कांग्रेस पार्टी को जबरदस्त जीत हासिल हुई है। राणा ने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है, चाहे बात पेट्रोल-डीजल की हो या रसोई गैस की। इन्होंने हर क्षेत्र में लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस पार्टी ने विकास कार्यों को तवज्जों दी व अपने घोषणा पत्र में भी यही बात कही कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम पर काबिज होती है, तो सोलन शहर में विकास कार्यों को फिर शुरु किया जाएगा और रुके पड़े कार्यों को फिर से शुरु करने के प्रयास होंगे। पूर्व में वीरभद्र सिंह की सरकार में भी सोलन शहर में 463 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की लिस्ट स्थानीय विधायक द्वारा दी गई थी। जिसमें से 70 करोड़ रुपए से ऊपर विकास कार्य हो चुके है और रुके पड़े कार्यों को भी अब शुरू किया जाएगा। एक ओर जहां कोरोना का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी विजय रैली में कोविड नियमों की खूब धज्जियां उड़ाई गई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच सोशल डिस्टेंसिंग न के बराबर दिखाई दी वहीं अधिक्तर कार्यकर्ता बीना मास्क दिखाई दिए। इससे कोरोना संक्रमण के फैलने का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है। (एचडीएम)

चुनावों में जातीय समीकरण भी रहे हावी
सोलन। नगर निगम सोलन के चुनावों में जातीय समीकरण भी हावी रहे। शहर के तीन वार्ड सामान्य वर्ग के लिए ओपन होने के बावजूद अनुसूचित जाति के उम्मीदवार जीत कर आए हैं। वार्ड नंबर एक इस बार सामान्य वर्ग के लिए ओपन था। इस वार्ड से पहले भी पार्षद रहे मनीेष सोपाल ने जीत दर्ज की है। मनीष अनुसूचित जाति से होने के बावजूद भाजपा के भूपेंद्र ठाकुर को हराया है। इसी प्रकार वार्ड नंबर-13 भी इस बार सामान्य वर्ग के लिए ओपन था। इस वार्ड से अनुसूचित वर्ग की भाजपा उम्मीदवार मीरा आंनद ने जीत दर्ज की है। हालांकि मात्र तीन वोट से कांग्रेस के उम्मीदवार यहां से हारे हैं। वार्ड नंबर आठ में भी इसी प्रकार के समीकरण देखने को मिले हैं। इस वार्ड से भाजपा के उम्मीदवार पवन गुप्ता को कांग्रेस की उम्मीदवार पूनम ग्रोवर ने हराया है। यह वार्ड भी सामान्य वर्ग के लिए ओपन था। बावजूद इसके अनुसूचित जाति की की उम्मीदवार यहां से जीतकर आई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App