ढालपुर में मनाया हिमाचल दिवस

By: Apr 16th, 2021 12:55 am

शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने फहराया तिरंगा, मार्च पास्ट की सलामी भी ली

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू
हिमाचल दिवस का जिला स्तरीय समारोह कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में धूमधाम के साथ मनाया गया। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने नैसर्गिक सौंदर्य से नवाजा है और विकास की दृष्टि से भी यह प्रदेश आज देशभर में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार ने प्रदेश को एक अलग पहचान दिलाई और विकास के लिए एक सशक्त आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में जब यह प्रदेश एक पूर्ण राज्य बना तो उस समय प्रदेश में दस हजार 617 किलोमीटर लंबी सड़कें थीं, साक्षरता दर 3196 प्रतिशत थी। प्रदेश में चार हजार 693 शैक्षणिक संस्थान तथा 587 स्वास्थ्य संस्थान थे। बिजली की सुविधा भी तीन हजार 249 गांवों में उपलब्ध थी। प्रति व्यक्ति आय भी मात्र 651 रुपए थी।

आज प्रदेश में सड़कों की लंबाई बढ़कर 38 हजार 470 किलोमीटर हो चुकी है। दस हजार 508 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश में शिक्षण संस्थानों की संख्या 15 हजार 553 है तथा साक्षरता दर 82.80 पहुंच गई है। प्रदेश में चार हजार 320 स्वास्थ्य संस्थान लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश के सभी गांवों में बिजली उपलब्ध है। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र शौरी, गोविंद ठाकुर की धर्मपत्नी रजनी ठाकुर, उपायुक्त ऋचा वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, जिला परिषद सदस्य रेखा गुलेरिया, पार्षद अमिना गौड़, शालिनी भारद्वाज, दानवेद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भीमसेन, भापजा के पदाधिकारी व पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधि व आम लोग समारोह में शामिल हुए।

बंजार में कोरोना की रोकथाम की ली शपथ

बंजार। सरकार के दिशा निर्देशों अनुसार उपमंडल बंजार के सीसे स्कूल में एसडीएम बंजार हेम चंद वर्मा के नेतृत्व में हिमाचल दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया, जिसमें पुलिस थाना बंजार के सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की उपस्थिति में सीसे स्कूल कर्मचारियों सहित कोविड -19 की गाइडलाइंस का पालन करते हुए एसडीएम बंजार ने राष्ट्रीय गान के साथ तिरंगा झंडा फहराया गया। सभी पुलिस अधिकारियों ने परेड के दौरान तिरंगे को सलामी दी गई। कोविड -19 की गाइडलाइंस के पालन हेतु सभी अधिकारियों को शपथ दिलाई गई, जिसमें खुद को व अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए इन नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App