किसानों को प्राकृतिक खेती पर बांटी जानकारी

By: Apr 11th, 2021 12:22 am

निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
धुंधन के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर परिसर में कृषि कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान नौणी विश्वविद्यालय के डा. एचआर शर्मा, डा. मीनू गुप्ता, डा. डीपी गौतम, डा. मनोज शर्मा ने किसानों को अलग-अलग विषय में कृषि से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। डा. डीपी गौतम ने किसानों को प्राकृतिक खेती से जुड़े रहस्य के बारे में किसानों को अवगत करवाया और किसानों से आग्रह किया कि जहर मुक्त खेती को अपनाएं। वहीं डा. मनोज शर्मा ने कृषि में उपयोग होने वाले उपकरणों के अनुदान के बारे में भी किसानों को बताया। इस मौके पर सभी अतिथियों का स्वागत कृषक उत्पादक संघ के प्रधान रतन चंद बट्टू सहित अन्य सदस्यों ने शाल और टोपी पहनाकर किया।

रतन चंद बट्टू ने किसानों को कृषि उत्पादक संघ के बारे में जानकारी दी तथा किसानों से आग्रह किया कि ज्यादा से ज्यादा किसान संघ की सदस्यता ग्रहण करें। इस मौके पर जलागम विकास परियोजना के प्रधान रूप लाल वर्मा ने भी जलागम परिजनों के बारे में किसानों को जानकारी दी। प्रधान ने कहा कि जलागम परियोजना व अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से धुंधन पंचायत में पांच वर्षों में लगभग पेंतालिस लाख रुपए विभिन्न कार्यों पर खर्च किए गए हैं। किसान संघ धुंधन के उपप्रधान राजेंद्र ठाकुर ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर किसानों को भिंडी, खीरा, टमाटर, करेला आदि के बीज भी नि:शुल्क बांटे गए। इस अवसर पर सचिव राज पाल, एफपीओ परसराम, राम दत्त, मुंशी राम वर्मा, राजेंद्र वर्मा, सोमा शर्मा, कौशल्या शर्मा, कर्म चंद वर्मा, अतरू राम, दिला राम, हेम राज, भगत राम, हीरा सिंह, गंगाराम, सुखदेव, अमरदेव, भूप चंद, प्रेम चंद, मनोहर लाल सहित अन्य किसानों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App