जबरदस्ती नहीं अपने मन से हुए भाजपा में शामिल

By: Apr 9th, 2021 12:45 am

स्टाफ रिपोर्टर-सुजानपुर
विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की पंचायत थाना धड़मेयना की नारी शक्ति जो मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के निवास स्थान समीरपुर में पहुंचकर कांग्रेसी छोड़ भाजपा में शामिल हुई थी, उन्होंने सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा पर तीखा हमला किया है। महिलाओं में वार्ड सदस्य निशा देवी, वयोवृद्ध रत्नी देवी, सुरेश कुमारी, नीलम देवी आदि ने बुलंद आवाज में कहा है कि सुजानपुर विधायक डराने धमकाने की राजनीति पर उतारू हो गए हैं। लगातार अपना कुनबा बिखरता देख बौखलाहट पर उतारू हो गए हैं। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि मंगलवार को वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के निवास स्थान समीरपुर में गए थे। वहां दर्जनों महिलाएं अपनी मर्जी से दिल से भारतीय जनता पार्टी में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की अध्यक्षता में शामिल हुए थे, जो महिला यह आरोप लगा रही है कि पूर्व मुख्यमंत्री जबरदस्ती लोगों को भाजपा में शामिल कर रहे हैं, यह बात पूरी तरह गलत है व निराधार है। उन्होंने यह भी बात स्पष्ट की कि पूर्व मुख्यमंत्री उनके पास नहीं आ रहे हैं, बल्कि हम लोग उनके पास भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए जा रहे हैं और कोई भी ऐसी महिला नहीं है, जिसे समझ न हो वह अच्छे बुरे को जानती न हो कि उनके साथ क्या हो रहा है। अगर महिला मंडल की प्रधान को भाजपा का पटका पहनाया जा रहा था, तो उस महिला ने वहां पर उस बात का विरोध क्यों नहीं किया। जब पूर्व मुख्यमंत्री वहां मौजूद सभी लोगों से भाजपा में शामिल होंगे या नहीं को लेकर सवाल जवाब कर रहे थे।

सड़कों की मरम्मत को सरकार देती है पैसा
नादौन। नादौन मंडल भाजपा ने प्रदेश सरकार द्वारा निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में सड़क मार्गों को दुरुस्त किए जाने को लेकर स्थानीय कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह द्वारा की गई बयानबाजी का कड़ा संज्ञान लिया है। मंडल भाजपा ने कहा कि सड़कों को दुरुस्त करने के लिए विपक्षी दल का विधायक बजट जारी नहीं करता, बल्कि प्रदेश सरकार धनराशि उपलब्ध करवाती है। मंडल भाजपा अध्यक्ष ठाकुर हरदयाल सिंह, महामंत्री पवन शर्मा, राजिंद्र ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन कमल दत्त, वाइस चेयरमैन वीरेंद्र पठानिया, जिला परिषद आशीष डोगरा, इंदु बाला, महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलेश कुमारी, किसान मोर्चा अध्यक्ष विपिन कुमार, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश चंद आदि ने स्थानीय विधायक सुक्खू की खिल्ली उड़ाते हुए उनके इस बयान को हास्यास्पद करार दिया, जिसमें उन्होंने नादौन में सड़कों की दशा सुधारने सहित अन्य बड़े कामों का श्रेय लेने की बात कही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App