पहाड़ी दरकी… चंबा-जोत रोड हुआ जाम

By: Apr 20th, 2021 12:21 am

डुगली के पास भू-स्खलन होने से छह घंटे बंद रही सड़क; चालकों को करना पड़ा दिक्कतों का सामना, गाडिय़ों की लगी लंबी लाइनें

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
चंबा-जोत मार्ग पर डुगली के समीप अल सवेरे पहाड़ी के दरकने से हुए भू-स्ख्लन के चलते करीब छह घंटे वाहनों के पहिए थमे रहे। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। मार्ग बंद होने के चलते बीच राह में फंसे मुसाफिरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सवेरे करीब दस बजे लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने मशीनरी के सहयोग से मार्ग पर टनों के हिसाब से गिरे मलबे को हटाकर यातायात को सुचारू बनाया।

मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आरंभ होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। सोमवार सवेरे डुगली के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से भू-स्ख्लन का दौर आरंभ हो गया। इसके चलते जोत मार्ग पर दौडऩे वाले वाहनों के पहिए बीच राह में थम गए। मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग के अमले ने जेसीबी मशीनों संग मौके पर पहुंचकर यातायात बहाली को लेकर युद्धस्तर पर कार्य आरंभ कर दिया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर दोबारा से यातायात बहाल करने में सफलता हासिल की। इसके बाद ही बीच राह में फंसे सैकड़ों वाहन गंतव्य की ओर रवाना हुए। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के अधिशाषी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि डुगली के पास भू-स्ख्लन होने से जोत मार्ग पर सोमवार सवेरे यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि सवेरे दस बजे मार्ग से मलबा व पत्थर हटाकर यातायात को बहाल कर दिया गया है। बहरहाल, जोत मार्ग पर डुगली के समीप पहाड़ी दरकने से सोमवार सवेरे करीब छह घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App