जनता ने चुनावों में भाजपा को दिखाया आईना

By: Apr 9th, 2021 12:45 am

विधायक राम लाल ठाकुर बोले, कांग्रेस ने नगर निगमों में किया बेहतर प्रदर्शन

कार्यालय संवाददाता-नयना देवी
पूर्व वन मंत्री एवं श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम लाल ठाकुर ने नगर निगम चुनावों में मिली जीत का श्रेय स्थानीय जनता, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को दिया है, जिनकी मेहनत के कारण यह जीत हासिल हुई है। इन चुनावों में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जिससे पता चलता है कि लोगों में वर्तमान प्रदेश भाजपा एवं केंद्र सरकार की गलत नीतियों व कार्यक्रमों के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। रामलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने नगर निगम के चुनावों में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के गृह क्षेत्र में भाजपा को करारी शिकस्त दी है। जिसका श्रेय आशीष बुटेल व उनके पिता पूर्व स्पीकर बरिज बिहारी बुटेल द्वारा किए गए बेहतर कार्या को जाता है। वहीं सोलन में स्थानीय विधायक धनी राम शांडिल व स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस चुनाव के बेहतर नतीजे प्राप्त हुए है। उन्होंने पालमपुर और सोलन में जाकर कार्यकर्ताओं को कोर्डिनेट करने का कार्य किया हैं। इस चुनाव से यह पता चलता है कि लोग मौजूदा केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यकाल में हो रहे भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई से बुरी तरह से परेशान है। वहीं अब इन सरकारों को ग्राफ दिन प्रतिदिन कम हो रहा है।

मंदिर अधिकारी के पद के मुद्दे पर कर रहे गुमराह
बिलासपुर। पूर्व मंत्री व विधायक श्री नयना देवी राम लाल ठाकुर ने श्री नयना देवी मंदिर न्यास से जुड़े एक महत्त्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करते हुए कहा कि श्री नयना देवी मंदिर न्यास के मंदिर अधिकारी के पद के मुद्दे पर अधिकारी व स्थानीय नेता राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को गुमराह कर रहे है। पिछले कुछ वर्षों से श्री नयना देवी मंदिर के मंदिर अधिकारी के रिक्त पद का कार्यभार स्वारघाट के तहसीलदार को दिया जा रहा है जबकि यहां पर आज तक 24 मंदिर अधिकारियों की तैनाती हो चुकी हैं। जिनमें 20 मंदिर अधिकारी नियमित रूप से अपना कार्यकाल पूरा कर गए है व चार बार मंदिर अधिकारी कार्यभार स्वारघाट के तहसीलदार को सौंपा जा चुका है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि जब उन्होंने इस मुददे पर विधानसभा में प्रश्न उठाया तो उन्हें बाद में राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने उन्हे अपने चैंबर मेें बुलाकर यह जानकारी दी कि श्री नयनादेवी मंदिर न्यास में मंदिर अधिकारी का पद नहीं है। जबकि यह नवंबर 1987 से चला आ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App