कांग्रेस सांसद राजीव सातव की कोरोना से निधन

By: May 16th, 2021 3:58 pm

नई दिल्ली — कांग्रेस के युवा सांसद राजीव सातव का कोरोना महामारी के कारण निधन हो गया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, निशब्द! आज एक ऐसा साथी खो दिया, जिसने सार्वजनिक जीवन का पहला कदम युवा कांग्रेस में मेरे साथ रखा और आज तक साथ चले पर आज…राजीव सातव की सादगी, बेबाक़ मुस्कराहट, ज़मीनी जुड़ाव, नेतृत्व और पार्टी से निष्ठा और दोस्ती सदा याद आएगी। अलविदा मेरे दोस्त ।

जहां रहो, चमकते रहो। कोरोना संक्रमित होने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद राजीव सातव का पिछले कुछ दिनों से पुणे के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सभा सांसद श्री राजीव सातव के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी राज्य सभा सांसद एवं कांग्रेस नेता राजीव सातव के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री कोविंद ने रविवार को ट्वीट करके कहा कि राज्य सभा सांसद राजीव सातव के असामयिक निधन से व्यथित हूं। युवा नेता के रूप में देश की राजनीति में उन्होंने विशिष्ट स्थान बनाया। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के युवा नेता राजीव सातव के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्यसभा सांसद एवं पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य राजीव सातव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने एक विश्वसनीय मित्र और सच्चा सहयोगी खो दिया है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद राजीव सातव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सांसद राजीव सातव के निधन पर शोक व्यक्त किया।

श्री पवार ने अपने शोक संदेश में कहा कि गुजरात चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया और पार्टी की सफलता सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से महाराष्ट्र ने एक महान नेता खो दिया। भावभीनी श्रद्धांजलि।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App