50 में मिल रहा 20 में बिकने वाला कीवी का पीस

By: May 10th, 2021 12:22 am

कोरोना काल में तीन गुना बढ़ गए कीवी के दाम, अनार भी गरीब की पहुंच से हुआ बाहर

स्टाफ रिपोर्टर—हमीरपुर
कोरोना काल में जहां तंदुरुस्त रहने के लिए चिकित्सक फलों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। वहीं फलों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है। गरीब तबके की पहुंच से तो ये फल दूर ही हो गए हैं। बात औषधीय गुणों से भरपूर फल कीवी की करें, तो इसके दाम तीन गुना बढ़ गए हैं। पहले 15 से 20 रुपए बिकने वाला कीवी फल इन दिनों 50 रुपए प्रति पीस बिक रहा है। पहले 500 रुपए में मिलने वाली कीवी फल की पेटी इन दिनों 1400 से 1500 रुपए में मिल रही है। कारण साफ है कि कोविड काल में इस फल की अत्यधिक डिमांड है। ऐसे में अचानक इसके दाम तीन गुना बढऩे से गरीब तबका मायूस हंै। वहीं संतरा के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। पहले 80 से 100 रुपए बिकने वाले संतरा इन दिनों 160 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। अंगूर के दाम भी प्रति किलोग्राम 80 रुपए से बढ़कर 120 हो गए हैं। वहीं पानी वाला नारियल (डाब) भी महंगा हो गया है।

डाब पहले 50 रुपए के हिसाब से बिक रहा था जो कि अब 80 रुपए किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। वहीं सेब के दाम भी उछाल हुआ है। सबे पहले 160 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा था जो कि अब 200 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रहा है। जाहिर है कि कोरोना काल के बीच चिकित्सक लोगों को फलों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। फलों में भरपूर मात्रा में जहां फाइबर होता है, वहीं कई तरह के स्वास्थ्यवर्धक तत्त्व भी मौजूद रहते हैं। ऐसे में इन फलों के सेवन महत्त्वपूर्ण बताया जा रहा है। जैसे ही फलों की डिमांड बढ़ी वैसे ही इनके दामों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है। कई फल तो गरीब तबके की पहुंच से भी बाहर हो गए हैं। हरेक फल के दाम में हुई वृद्धि से गरीब तबका परेशान हैं। फलों के दाम में हुई बढ़ोतरी से इनके लिए फल खरीद पाना मुश्किल हो गया है। लोगों में राकेश कुमार, मनोज कुमार, विक्रम सिंह, विजय कुमार, राजकुमार, विमला देवी, कुंता देवी, राजेश कुमार आदि ने सरकार से मांग की है कि फलों के दामों में हो रही वृद्धि पर अंकुश लगाया जाए, ताकि गरीब तबका भी इनका सेवन कर सके। फिलहाल फलों की डिमांड लगातार बढ़ रही है। गरीब तबका जरूर खफा है, लेकिन साधन संपन्न लोग इनका सेवन करने को अधिक तवज्जो दे रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App