एक दिन की ब्रेक के बाद बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के रेट, मुंबई में 99 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल

By: May 16th, 2021 12:33 pm

नई दिल्ली — पेट्रोल-डीजल के दाम रविवार को एक बार फिर बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। देश के चार बड़े महानगरों में पेट्रोल 24 पैसे तक और डीजल 29 पैसे तक महंगा हुआ। मुंबई में पेट्रोल 99 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है, जबकि डीजल पहली बार 90 रुपए के पार निकल गया।

अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत 24 पैसे बढ़कर 92.58 रुपए और डीजल की कीमत 27 पैसे बढ़कर 83.22 रुपए प्रति लीटर हो गई। दिल्ली में इस महीने पेट्रोल 2.18 रुपए और डीजल 2.49 रुपए महंगा हो चुका है।

मुंबई और कोलकाता में पेट्रोल 23-23 पैसे महंगा हुआ। एक लीटर पेट्रोल की कीमत मुंबई में 98.88 रुपए और कोलकाता में 92.67 रुपए रही। चेन्नई में यह 22 पैसे महंगा होकर 94.31 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया।

डीजल की कीमत मुंबई में 29 पैसे बढ़कर 90.40 रुपए, चेन्नई में 26 पैसे बढ़कर 88.07 रुपए और कोलकाता में 27 पैसे बढ़कर 86.06 रुपए प्रति लीटर हो गई। चारों महानगरों में दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम लगातार नयी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नई कीमतें लागू की जाती हैं।

देश के चार महानगरों में आज पेट्रोल और डीजल की कीमतें इस प्रकार रही:

शहर का नाम——पेट्रोल रुपए/लीटर——डीजल रुपए/लीटर

दिल्ली————— 92.58—————— 83.22

मुंबई-————— 98.88—————— 90.40

चेन्नई—————-94.31-—————- 88.07

कोलकाता———— 92.67—————- 86.06

विमान ईंधन पांच प्रतिशत महंगा

नई दिल्ली — विमान ईंधन की कीमतों में आज से पांच प्रतिशत का इजाफा किया गया है, जिससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 65 हजार रुपए प्रति किलोलीटर के करीब पहुंच गई है। विमान ईंधन के दाम इस महीने दूसरी बार बढ़ाए गए हैं। इससे पहले पहली मई को यह सात फीसदी के करीब महंगा हुआ था।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 मई से विमाई ईंधन की कीमत 3,080.25 रुपए यानी 4.99 प्रतिशत बढ़ाकर 64,770.53 रुपए प्रति किलोलीटर हो गई है। दो बार में इसका मूल्य 6,965.25 रुपए बढ़ चुका है।

इसी तरह मुंबई में विमान ईंधन 3,094.12 रुपए यानी 5.17 प्रतिशत महंगा हुआ है और रविवार से इसकी कीमत 62,917.02 रुपए प्रति किलोलीटर हो गई है। कोलकाता में यह 2,650.12 रुपए यानी चार प्रतिशत और चेन्नई में 3,279.05 रुपए यानी 5.20 फीसदी महंगा हुआ है। इसकी कीमत कोलकाता में अब 68,895.86 रुपए और चेन्नई में 66,374.41 रुपए प्रति किलोलीटर पर पहुंच गई है। विमान ईंधन की कीमतों की समीक्षा हर पखवाड़े की जाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App