बंगाल में झड़प से हिमाचल में उबाल

By: May 6th, 2021 12:56 am

विधानसभा चुनावों के बाद हुई हिंसा के बाद ऊना में भाजपा ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन

दिव्य हिमाचल बयूरो- ऊना
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के नतीजों के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले व आगजनी की घटनाओं पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बुधवार को ऊना मुख्यालय पर एमसी पार्क में जिलाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने धरना दिया। वहीं, प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में विधानसभा चुनावों के उपरांत जिस प्रकार से टीएमसी के गुंडातत्त्वों द्वारा लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाते हुए भाजपा कार्यालयों, कार्यकर्ताओं के घरों व दुकानों में आगजनी की गई तथा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले किए गए, वह निंतात निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इसमें कई भाजपा कार्यकर्ताओं की जान गई, वहीं संपति को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि किसी राज्य में चुनावों के उपरांत इस प्रकार की हिंसात्मक गतिविधियां स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार देखने को मिली है। भाजपा नेता मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ममता दीदी के इशारे पर गुंडागर्दी व दहशत का माहौल पैदा किया है तथा अपने राजनीतिक विरोधियों को कुचलने का यह असफल प्रयास है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे कतई सहन नहीं करेगी। भाजपा बंगाल के हर पार्टी कार्यकर्ता के साथ पुरी मजबूूती के साथ खड़ी है तथा इस दहशतगर्दी का लोकतांत्रिक ढंग से डटकर मुकाबिला करेगी। मार्केट कमेटी के अध्यक्ष बलबीर बगगा, जिला परिषद सदस्य अशोक धीमान, युवा नेता विनय शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर नगर परिषद ऊना की अध्यक्ष पुष्पा देवी, उपाध्यक्ष पवन कपिला, पार्षद ममता कश्यप, इंदु, उर्मिला देवी, खामोश जैतक, सुरजीत सैणी व अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App